राहुल गांधी का बड़ा आरोप: ‘वोट चोरी’ और संस्थाओं के दुरुपयोग का दावा, बीजेपी का पलटवार
चिरौरी न्यूज
बर्लिन/नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। जर्मनी के बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल में संबोधन के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि देश की संस्थाओं को “हथियार” की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है और 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोट चोरी की गई।
राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है, जबकि सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों को बख्शा जा रहा है।
उन्होंने कहा, “हमारे खुफिया एजेंसियां, ED और CBI पूरी तरह से हथियार बन चुकी हैं। बीजेपी के खिलाफ इनके पास लगभग शून्य मामले हैं, जबकि अधिकतर राजनीतिक मामले विपक्ष के नेताओं पर हैं।”
‘वोट चोरी’ का आरोप
राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव बीजेपी के पक्ष में रिग किया गया। उन्होंने कहा, “हमारे पास सबूत हैं कि हमने हरियाणा चुनाव जीता था। हमने चुनाव आयोग के सामने मतदाता सूची में डुप्लीकेट नामों जैसी अनियमितताओं को उठाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।” उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र चुनावों की निष्पक्षता पर भी कांग्रेस को संदेह है।
‘लोकतंत्र और संस्थाओं पर हमला’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि देश का संस्थागत ढांचा कब्जे में लिया जा रहा है और लोकतंत्र पर सीधा हमला हो रहा है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने इन संस्थाओं को देश के लिए बनाया था, अपनी निजी संपत्ति की तरह नहीं देखा। लेकिन बीजेपी इन्हें सत्ता बनाने के औजार की तरह इस्तेमाल कर रही है।”
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक नीतियों को “डेड एंड” बताते हुए कहा कि बीजेपी-आरएसएस का मॉडल देश को नई दिशा नहीं दे पा रहा है और इससे सामाजिक तनाव बढ़ सकता है।
उन्होंने कहा, “यह दो विचारधाराओं की लड़ाई है। हम बीजेपी से नहीं, बल्कि भारतीय संस्थाओं पर उनके कब्जे से लड़ रहे हैं।”
BJP का पलटवार
बीजेपी ने राहुल गांधी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें “एंटी-इंडिया” करार दिया। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया पर कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के खिलाफ माहौल बना रहे हैं और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
बीजेपी नेता शोभा करंदलाजे ने भी राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा, “वह विदेश जाकर देश के खिलाफ बोलते हैं। उनका व्यवहार एक नेता का नहीं, बल्कि बच्चे जैसा है।” राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ और संस्थाओं के दुरुपयोग के आरोपों से एक बार फिर भारतीय राजनीति में सियासी घमासान तेज हो गया है।
