ऑस्ट्रेलियन ओपन: जोकोविच, सिनर ड्रॉ के एक ही हाफ में शामिल

Australian Open: Djokovic and Sinner are in the same half of the draw.
(File Pic: Novak Djokovic)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच और मौजूदा चैंपियन जानिक सिनर को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के पुरुष सिंगल्स ड्रॉ के एक ही हाफ में रखा गया है। गुरुवार को ड्रॉ का आधिकारिक ऐलान किया गया।

जोकोविच अपने अभियान की शुरुआत स्पेन के पेड्रो मार्टिनेज के खिलाफ करेंगे, जबकि दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी सिनर पहले दौर में फ्रांस के लेफ्ट-हैंडर ह्यूगो गैस्टन से भिड़ेंगे।

इसी हाफ में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज़ भी शामिल हैं, जिनका संभावित सामना पिछले साल के उपविजेता अलेक्जेंडर ज़्वेरेव से हो सकता है। 22 वर्षीय स्पेनिश स्टार अल्काराज़, जो अपना सातवां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतकर करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने की कोशिश में हैं, पहले दौर में ऑस्ट्रेलिया के एडम वाल्टन के खिलाफ खेलेंगे।

रिकॉर्ड 10 बार के ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन जोकोविच और दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन सिनर के बीच सेमीफाइनल में एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है। 38 वर्षीय जोकोविच इस टूर्नामेंट में अपने 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश में हैं, जो उन्हें टेनिस इतिहास में सबसे अधिक मेजर सिंगल्स खिताब जीतने वाला खिलाड़ी बना देगा और वह मार्गरेट कोर्ट का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

एटीपी के अनुसार, दूसरी वरीयता प्राप्त सिनर मेलबर्न पार्क में लगातार तीसरा खिताब और कुल मिलाकर अपना पांचवां ग्रैंड स्लैम जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे।

ड्रॉ सेरेमनी से पहले सिनर ने टूर्नामेंट को लेकर अपनी सोच साझा करते हुए कहा, “ड्रॉ बहुत कठिन है। इससे फर्क नहीं पड़ता कि आप किसके खिलाफ खेलते हैं। यहां दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मौजूद हैं और रास्ता बहुत लंबा है। हमें दिन-प्रतिदिन आगे बढ़ना होगा,” एटीपी टूर ने उनके हवाले से कहा।

पहले दौर के अन्य दिलचस्प मुकाबलों में छठी वरीयता प्राप्त ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एलेक्स डी मिनौर का सामना पूर्व विश्व नंबर-6 माटेओ बेरेटिनी से होगा। वहीं ज़्वेरेव पहले दौर में दमदार सर्विस करने वाले गैब्रियल डियालो से भिड़ेंगे।

इस बीच, घरेलू दर्शकों के पसंदीदा थानासी कोकिनाकिस ने ड्रॉ सेरेमनी से कुछ ही देर पहले पुरुष सिंगल्स से अपना नाम वापस ले लिया। कोकिनाकिस को दाहिने कंधे की चोट के चलते यह फैसला लेना पड़ा।

बुधवार को उन्होंने इसी चोट के कारण एडिलेड इंटरनेशनल के दूसरे दौर के मुकाबले से भी नाम वापस ले लिया था, जिससे उनके प्रतिद्वंद्वी वैलेंटीन वाचेरोट को वॉकओवर मिला। हालांकि चोट के बावजूद कोकिनाकिस ने सोमवार को एडिलेड इंटरनेशनल में लगभग एक साल बाद सिंगल्स मैच खेलते हुए शानदार जीत दर्ज की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *