ज़िंदगी के 17 साल तीन बेवकूफी भरी शादियों में बर्बाद कर दिए: मलयालम अभिनेत्री मीरा वासुदेवन
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: मीरा वासुदेवन, जिन्हें 2003 की हिंदी फिल्म रूल्स: प्यार का सुपरहिट फॉर्मूला में मिलिंद सोमन के साथ देखा गया था, ने बाद में मलयालम सिनेमा में अपनी एक अलग पहचान बनाई। हालांकि, निजी जीवन में आई उथल-पुथल और लगातार असफल रिश्तों ने उनके सफर को आसान नहीं रहने दिया।
अब 44 साल की हो चुकीं मीरा ने हाल ही में अपनी तीन असफल शादियों को लेकर खुलकर बात की और स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी जिंदगी के कई अहम साल ऐसे रिश्तों में गंवा दिए, जहां उन्हें वह सम्मान और समझ नहीं मिली जिसकी वे हकदार थीं।
धन्या वर्मा के साथ बातचीत में मीरा ने भावुक अंदाज़ में कहा, “मैं अक्सर अपने बेटे से कहती हूँ कि मैंने अपनी जिंदगी के 17 साल तीन बेवकूफी भरी शादियों में बर्बाद कर दिए। उस दौरान मैं अपने करियर, फिटनेस, सिनेमा और खुद को बेहतर बनाने पर ध्यान दे सकती थी।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं अपनी जिंदगी में बहुत कुछ हासिल कर सकती थी। अपने माता-पिता और बहन के साथ ज्यादा समय बिता सकती थी। लेकिन मैंने वह समय ऐसे लोगों पर खर्च कर दिया जिन्होंने मुझे कभी गंभीरता से नहीं लिया और न ही मेरा सम्मान किया।”
यह पहली बार नहीं है जब मीरा ने अपने निजी जीवन पर खुलकर बात की हो।
मीरा की शादियां और निजी जिंदगी
मीरा वासुदेवन ने साल 2005 में सिनेमैटोग्राफर अशोक कुमार के बेटे विशाल अग्रवाल से शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल सका और 2010 में दोनों अलग हो गए।
इसके बाद उन्होंने 2012 में मलयालम अभिनेता जॉन कोकेन से शादी की। इस रिश्ते से उनका एक बेटा भी है, लेकिन 2016 में दोनों का तलाक हो गया। बाद में मई 2024 में मीरा ने सिनेमैटोग्राफर विपिन पुथियानकम से तीसरी शादी की, हालांकि यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं टिक पाया और अगस्त 2025 में दोनों अलग हो गए। मीरा को मलयालम फिल्म तन्मात्रा से खास पहचान मिली, जिसमें उन्होंने मोहनलाल के साथ दमदार अभिनय किया था। इस फिल्म में उनकी परफॉर्मेंस को काफी सराहा गया था। इसके अलावा उन्होंने ओरुवन, एकांथम, कुट्टीमामा, थक्कोल और पायकप्पल जैसी फिल्मों में भी काम किया है।
