राम मंदिर दान घोटाले पर 6 जुलाई को ट्रस्ट की अहम बैठक, चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर होगा फैसला
चिरौरी न्यूज
अयोध्या: राम मंदिर में दान राशि के कथित गबन मामले को लेकर घिरे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 6 जुलाई को सभी ट्रस्टियों की आपात बैठक बुलाई है। इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, दान राशि में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद 27 जून को चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। अब ट्रस्ट की बैठक में इन इस्तीफों पर मतदान कराया जाएगा।
दो-तिहाई बहुमत से होगा फैसला
ट्रस्ट के उपनियमों के अनुसार, किसी भी पदाधिकारी का इस्तीफा स्वीकार करने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी है। यदि इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया जाता है, तब भी संबंधित पदाधिकारी केवल अपने पद से हटेंगे, जबकि ट्रस्ट की आजीवन सदस्यता उनके पास बनी रहेगी।
ट्रस्ट में कुल 14 सदस्य हैं, जिनमें से दो सदस्य पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में 12 ट्रस्टियों की राय मतदान के जरिए ली जाएगी। इस बीच, दान घोटाले के मामले में पूर्व पदाधिकारियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। फैजाबाद बार एसोसिएशन ने चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा और मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल आज राम जन्मभूमि थाने पहुंचकर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करेगा। अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि पुलिस ने इनका नाम एफआईआर में शामिल नहीं किया तो वे अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे और एफआईआर दर्ज कराने के लिए याचिका दायर करेंगे।
चंपत राय ने ड्राइवर पर लगाया आरोप
सूत्रों के अनुसार, चंपत राय ने अपने करीबी लोगों से कहा है कि दान घोटाले का मुख्य आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव है, जो उनका ड्राइवर भी रह चुका है।
करीबी सूत्रों का दावा है कि चंपत राय का कहना है कि टिन्नू यादव ने विश्वास का गलत फायदा उठाकर पूरे कथित घोटाले को अंजाम दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब टिन्नू यादव को पकड़े जाने का अंदेशा हुआ तो उसने एक समाजवादी पार्टी के नेता को मामले की जानकारी लीक कर दी।
दान राशि गबन मामले में पुलिस अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें टिन्नू यादव के अलावा अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, रामाशंकर मिश्रा और सुभाष श्रीवास्तव शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
