हार्दिक पांड्या की गुजरात टाइटन्स में वापसी की कोशिश, मांगें सुनने के बाद फ़्रैंचाइज़ी का इनकार
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस के साथ भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने अपनी पूर्व आईपीएल टीम गुजरात टाइटंस में वापसी की कोशिश की थी। हालांकि, कप्तानी की शर्त रखने के कारण यह संभावित ट्रेड आगे नहीं बढ़ सका।
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पंड्या ने गुजरात टाइटंस के साथ वापसी को लेकर बातचीत की थी। गुजरात की टीम भी अपने पूर्व कप्तान की वापसी के विचार के लिए तैयार थी, क्योंकि पंड्या ने 2022 में टीम के पहले ही सीजन में उसे आईपीएल चैंपियन बनाया था।
हालांकि, पंड्या की एक शर्त ने पूरी डील का रास्ता रोक दिया। रिपोर्ट के अनुसार, ऑलराउंडर चाहते थे कि गुजरात टाइटंस में वापसी के साथ उन्हें दोबारा टीम की कप्तानी सौंपी जाए। यही मांग फ्रेंचाइजी के लिए डील-ब्रेकर साबित हुई।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गुजरात टाइटंस ने मौजूदा कप्तान शुभमन गिल से भी इस संभावित बदलाव को लेकर चर्चा की थी। गिल कथित तौर पर पंड्या की वापसी और ट्रेड के लिए तैयार थे। लेकिन जब कप्तानी की शर्त सामने आई तो फ्रेंचाइजी ने इस प्रस्ताव को आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया।
मुंबई इंडियंस में पंड्या के भविष्य पर सवाल
हार्दिक पंड्या का गुजरात टाइटंस में वापसी का प्रयास मुंबई इंडियंस के साथ उनके भविष्य को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के बीच सामने आया है। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का 2026 आईपीएल सीजन निराशाजनक रहा और टीम ने 14 में से सिर्फ चार मुकाबले जीते। वह अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही।
पंड्या का मुंबई इंडियंस के प्रशंसकों के साथ रिश्ता भी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 2021 सीजन के बाद टीम से अलग होने के बाद वह 2024 में मुंबई इंडियंस में लौटे थे। वापसी के साथ ही उन्हें रोहित शर्मा की जगह टीम की कप्तानी सौंप दी गई थी। इस फैसले को लेकर टीम के प्रशंसकों के एक वर्ग ने नाराजगी जताई थी।
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि 2026 के खराब प्रदर्शन के बाद मुंबई इंडियंस का टीम प्रबंधन पंड्या को कप्तान बनाए रखने को लेकर उत्सुक नहीं था और टीम में उनकी भूमिका पर भी विचार किया जा रहा था।
KKR और CSK ने भी दिखाई दिलचस्पी
हार्दिक पंड्या को लेकर कई अन्य आईपीएल फ्रेंचाइजी भी मुंबई इंडियंस से संपर्क कर चुकी हैं। इनमें कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के नाम सामने आए हैं।
हालांकि, पंड्या के प्रवक्ता ने किसी अन्य फ्रेंचाइजी के साथ उनकी सीधे बातचीत की खबरों से इनकार किया है। द इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से प्रवक्ता ने कहा कि हार्दिक ने ट्रांसफर या ट्रेड को लेकर किसी भी फ्रेंचाइजी से सीधे बातचीत नहीं की है। यदि किसी टीम ने उनसे संपर्क किया है, तो वह संपर्क मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी के माध्यम से किया गया है।
