काम्या पंजाबी ने खोला पहली शादी का दर्दनाक राज, ‘घरेलू हिंसा के निशान मेकअप से छिपाती थी’

Kamya Panjabi reveals the painful secret of her first marriage: "I used to hide signs of domestic violence with makeup."चिरौरी न्यूज

टीवी और फिल्म अभिनेत्री काम्या पंजाबी ने अपनी पहली शादी के बेहद मुश्किल दौर को लेकर खुलकर बात की है। अभिनेत्री ने बताया कि शादी के दौरान उन्हें घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ा था। वह चेहरे पर चोट के निशान छिपाने के लिए मेकअप का सहारा लेती थीं और कई बार घंटों बाथरूम में बंद होकर रोती थीं। काम्या ने यह भी बताया कि उनकी बेटी आरा के सामने हुई एक लड़ाई ने उन्हें रिश्ते से बाहर निकलने का फैसला लेने के लिए मजबूर किया।

माता-पिता की सलाह के बावजूद की थी शादी

सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में काम्या ने बताया कि उन्होंने 25 साल की उम्र में बिजनेसमैन बंटी नेगी से शादी की थी। दोनों करीब तीन साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। हालांकि, शादी से पहले ही उनके रिश्ते में काफी तनाव था और दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे।

काम्या के मुताबिक, उनके माता-पिता भी इस रिश्ते के खिलाफ थे और उन्होंने उन्हें समझाया था कि दोनों एक-दूसरे के लिए सही नहीं हैं। लेकिन पहली मोहब्बत के जुनून में उन्होंने परिवार की बात नहीं मानी।

अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें लगता था कि यही वह इंसान है जिसके साथ उन्हें जिंदगी बितानी है। शादी के बाद भी जब रिश्ते में परेशानियां बनी रहीं, तो उन्होंने इसे बचाने की पूरी कोशिश की।

काम्या ने कहा कि लोग भले ही उनके 13 साल के रिश्ते को ‘बर्बाद हुए साल’ कहें, लेकिन वह यह सुनिश्चित करना चाहती थीं कि रिश्ता खत्म करने से पहले उन्होंने अपनी तरफ से कोई कमी न छोड़ी हो।

घरेलू हिंसा के निशान मेकअप से छिपाती थीं काम्या

काम्या ने अपनी जिंदगी के सबसे दर्दनाक दौर को याद करते हुए बताया कि वह घरेलू हिंसा का शिकार हुई थीं। उन्होंने कहा कि कई बार चेहरे पर पड़े चोट के निशान लोगों से छिपाने के लिए वह बाहर जाने से पहले मेकअप करती थीं।

एक घटना को याद करते हुए अभिनेत्री ने बताया कि वह एक अवॉर्ड लेने गई थीं और उस समय उन्हें खुद पर शर्म महसूस हो रही थी। उन्होंने सोचा कि घर में मार खाने के बाद वह बाहर अवॉर्ड लेने क्यों जा रही हैं और आखिर किसे कुछ साबित करने की कोशिश कर रही हैं। काम्या ने यह भी बताया कि कई बार वह खुद को बाथरूम में बंद कर लेती थीं और पूरी रात रोती रहती थीं।

‘मैं 24/7 एक्टिंग कर रही थी’

काम्या ने बताया कि एक कॉमेडी शो की रिहर्सल के दौरान भी उन्होंने चेहरे पर काफी ज्यादा मेकअप किया था, ताकि चोट के निशान दिखाई न दें। उनके आसपास के लोगों को अंदाजा तक नहीं था कि वह किस दौर से गुजर रही हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी वैनिटी वैन में खूब रोती थीं, लेकिन सेट पर आने के बाद सामान्य दिखने की कोशिश करती थीं। उनके शब्दों में, वह उस समय ‘24/7 एक्टिंग’ कर रही थीं।

अभिनेत्री के मुताबिक, उनके पूर्व पति चाहते थे कि वह काम करना छोड़ दें। हालांकि, काम्या ने अपना करियर छोड़ने से इनकार कर दिया क्योंकि उनके माता-पिता और परिवार की जिम्मेदारियां भी उन पर थीं। उन्होंने बताया कि उनके पति काफी शक करते थे। अगर वह फोन कॉल का तुरंत जवाब नहीं देती थीं, तो उनसे सवाल किए जाते थे कि वह कहां हैं और किसके साथ हैं। यहां तक कि उनके कपड़ों को लेकर भी सवाल उठाए जाते थे।

काम्या और बंटी नेगी की एक बेटी आरा है। अभिनेत्री ने बताया कि बेटी के सामने हुई एक लड़ाई उनके लिए निर्णायक मोड़ बनी। अपनी बेटी को उस माहौल में देखते हुए उन्हें एहसास हुआ कि अब इस रिश्ते में रहना सही नहीं है।

करीब 13 साल की शादी के बाद काम्या और बंटी अलग हो गए। इसके बाद काम्या ने अपनी जिंदगी में आगे बढ़ते हुए 2020 में शलभ डांग से शादी की।

काम्या के मुताबिक, वह लंबे समय तक न तो इस रिश्ते में खुश रह पा रही थीं और न ही उससे बाहर निकलने की हिम्मत जुटा पा रही थीं। लेकिन आखिरकार उन्होंने अपनी और अपनी बेटी की जिंदगी के लिए एक मुश्किल फैसला लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *