पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया का म्यूजिकल डेब्यू, राखी सावंत ने लूटी लाइमलाइट

Pakistani actress Hania makes musical debut; Rakhi Sawant steals the limelight.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर ने अपने पहले गाने ‘पाब्लो’ से म्यूजिक की दुनिया में कदम रखा है, लेकिन उनके डेब्यू से ज्यादा चर्चा हो रही है बॉलीवुड की ड्रामा क्वीन राखी सावंत की एंट्री की। दोनों की इस अनोखी क्रॉस-बॉर्डर जुगलबंदी ने सोशल मीडिया पर फैंस का ध्यान खींच लिया है।

पाकिस्तानी एक्ट्रेस ने गुरुवार, 10 सितंबर को अपना पहला गाना ‘पाब्लो’ रिलीज किया। खास बात यह है कि इस गाने को हानिया ने खुद लिखा और कंपोज किया है। गाने में वह रैप करती और डांस करती नजर आ रही हैं।

लेकिन वीडियो के अंत में अचानक राखी सावंत की एंट्री होती है और यहीं से गाना और भी दिलचस्प हो जाता है। गाने के आउट्रो में राखी सावंत की आवाज सुनाई देती है। वह हानिया की खूबसूरती की तारीफ करते हुए उन्हें आलोचकों की बातों से परेशान न होने की सलाह देती हैं।

राखी कहती हैं कि हानिया बेहद खूबसूरत हैं और उनके चेहरे पर नूर है। वह उन्हें ‘शेरनी’ बताते हुए डर का सामना करने और लगातार आगे बढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। इस पूरे हिस्से का अंदाज बिल्कुल राखी सावंत वाला है, ड्रामा, बेबाकी और भरपूर एनर्जी।

हानिया और राखी की इस अचानक हुई क्रॉस-बॉर्डर कोलैबोरेशन ने सोशल मीडिया यूजर्स को भी हैरान कर दिया। फैंस ने कमेंट सेक्शन में दोनों के लिए जमकर प्यार बरसाया और कई लोगों ने इस जोड़ी को अप्रत्याशित लेकिन मजेदार बताया।

राखी सावंत ने भी इस पूरे पल को खूब एंजॉय किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फैंस के रिएक्शन रीपोस्ट किए और एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह किसी इवेंट के लिए तैयार होते हुए हानिया के गाने पर झूमती नजर आईं।

रैप से ज्यादा चर्चा राखी की

‘पाब्लो’ हानिया आमिर के लिए सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि उनके म्यूजिकल करियर की शुरुआत है। हालांकि रिलीज के बाद जिस चीज ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, वह हानिया का रैप नहीं बल्कि राखी सावंत का अचानक सामने आना है।

दोनों देशों के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक रिश्तों में भले ही उतार-चढ़ाव रहे हों, लेकिन मनोरंजन की दुनिया में यह अनोखी साझेदारी फैंस को खूब पसंद आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *