मोहन यादव का गांधी परिवार पर तंज, ‘समुद्र बीच में न आता तो अरब देशों में चुनाव लड़ते’

Mohan Yadav takes a dig at the Gandhi family: "If the sea hadn't stood in the way, they would have contested elections in Arab countries."
(Screenshot/Video)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को नेहरू-गांधी परिवार पर तीखा हमला बोला। एक सरकारी कार्यक्रम में उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के केरल के वायनाड से चुनाव लड़ने का जिक्र करते हुए कहा कि गांधी परिवार अब उत्तर प्रदेश से आगे बढ़कर दूसरे राज्यों में चुनाव लड़ने पहुंच गया है।

मोहन यादव ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और परिवार के अन्य सदस्य दिल्ली से चुनाव नहीं लड़ते थे, क्योंकि वहां के लोग उन्हें अच्छी तरह जानते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से परिवार के सदस्य उत्तर प्रदेश की रायबरेली और अमेठी जैसी सीटों से चुनाव लड़ते रहे।

वायनाड से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव लड़ने पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “लोग कहते हैं कि समुद्र बीच में आ गया, नहीं तो ये नेता अरब देशों या किसी और जगह चुनाव लड़ने पहुंच जाते।”

मुख्यमंत्री यादव ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए लोकतंत्र में तकनीक के इस्तेमाल और देश की प्रगति का जिक्र किया। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि देश आगे बढ़ रहा है, लेकिन “भाई साहब” इसे मानने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने राहुल गांधी के लिए ‘पप्पू’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए कहा कि अगर उनका नाम ही पप्पू है तो वह उसी तरह काम करेंगे।

यादव ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर न्यायपालिका और सशस्त्र बलों पर सवाल उठाने का आरोप भी लगाया।

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर हमला

मुख्यमंत्री ने इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले कांग्रेस के छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता मध्य प्रदेश में लोगों और युवाओं की बात करने के नाम पर “झूठ का शोर” लेकर आ रहे हैं।

यादव ने कहा कि कांग्रेस यह गलत जानकारी फैला रही है कि राज्य सरकार ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की अनुमति नहीं दे रही है।

उन्होंने राहुल गांधी से मध्य प्रदेश की जनता से पिछली कांग्रेस सरकारों के दौरान डकैतों और नक्सलवाद की समस्या पर नियंत्रण नहीं कर पाने के लिए माफी मांगने को कहा। यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने राज्य से डकैतों और नक्सलियों का सफाया कर दिया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना के तहत 1.25 करोड़ से अधिक महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण और कल्याणकारी योजनाओं के जरिए प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *