हनुमान अंश की सफलता के बाद तुलसीदास की कहानी लाएंगे विशाल चतुर्वेदी

After the success of Hanuman Ansh, Vishal Chaturvedi will bring the story of Tulsidas.चिरौरी न्यूज

मुंबई: फिल्ममेकर विशाल चतुर्वेदी की हालिया फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस धार्मिक-आध्यात्मिक फिल्म ने भारत में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म की सफलता के बाद अब विशाल चतुर्वेदी ने अपने अगले प्रोजेक्ट का ऐलान कर दिया है।

निर्देशक की अगली फिल्म का नाम ‘रामबोला’ (Rambola) है, जो महाकवि गोस्वामी तुलसीदास के असाधारण जीवन और उनकी विरासत पर आधारित होगी। फिल्म में तुलसीदास के जीवन के संघर्ष, आध्यात्मिक यात्रा और भारतीय संस्कृति पर उनके गहरे प्रभाव को दिखाया जाएगा।

फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर ‘रामबोला’ की घोषणा की। पोस्ट में लिखा गया, “बप्पा के आशीर्वाद के साथ, इस शुभ दिन पर विनम्रता और कृतज्ञता के साथ हम आपके सामने रामबोला पेश कर रहे हैं—गोस्वामी तुलसीदास की अमर कहानी।” फिल्म का लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी करेंगे। इसे महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और रघुवेंद्र सिंह प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि इसे महावीर जैन फिल्म्स प्रस्तुत करेगी।

कौन थे महाकवि गोस्वामी तुलसीदास?

गोस्वामी तुलसीदास 16वीं सदी के महान वैष्णव संत और कवि माने जाते हैं। उन्हें सबसे ज्यादा ‘रामचरितमानस’ की रचना के लिए जाना जाता है। अवधी भाषा में लिखी गई यह कृति रामायण की भक्ति परंपरा में बेहद महत्वपूर्ण स्थान रखती है।

इसके अलावा तुलसीदास द्वारा रचित ‘हनुमान चालीसा’ आज भी देश-दुनिया में सबसे लोकप्रिय भक्ति रचनाओं में शामिल है। उन्होंने ‘विनय पत्रिका’, ‘कवितावली’, ‘गीतावली’ और ‘दोहावली’ जैसी कई महत्वपूर्ण रचनाएं भी लिखीं।

मान्यता के अनुसार तुलसीदास का जन्म नाम रामबोला था। उन्होंने आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त किया और संस्कृत के साथ हिंदू दर्शन का अध्ययन किया। बाद में उन्होंने सांसारिक जीवन से अलग होकर संन्यास का मार्ग अपनाया।

‘रामबोला’ विशाल चतुर्वेदी की आध्यात्मिक और धार्मिक सिनेमा की दिशा में अगली बड़ी फिल्म होगी। इससे पहले उनकी फिल्म ‘हनुमान अंश’ में नीम करोली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा को दिखाया गया था। फिल्म ‘Divine Detour: That Changed My Life’ किताब से प्रेरित थी और 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। शुरुआत में फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षाकृत ठंडी प्रतिक्रिया मिली, लेकिन दूसरे सप्ताह से इसकी कमाई में तेजी देखने को मिली। अब फिल्म ने रिलीज के छठे सप्ताह में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म में शोभिनाव सत्य और चंदन आनंद अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

‘हनुमान अंश’ की कहानी स्वतंत्रता से पहले के भारत के एक युवा लड़के लक्ष्मी नारायण के इर्द-गिर्द घूमती है। मां की मृत्यु के बाद वह भगवान की तलाश में घर छोड़ देता है। उसकी आध्यात्मिक यात्रा उसे उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों तक ले जाती है और अंततः यही यात्रा उसे नीम करोली बाबा के रूप में एक नई पहचान तक पहुंचाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *