अजय देवगन ने पिता वीरू देवगन की जयंती पर किया भावुक याद, शेयर किया अनदेखा वीडियो
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने 25 जून को अपने दिवंगत पिता और दिग्गज एक्शन डायरेक्टर वीरू देवगन की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस खास मौके पर अजय ने सोशल मीडिया पर एक पुराना और अनदेखा वीडियो साझा किया, जिसमें पिता-पुत्र के गहरे रिश्ते और उनके सपनों की झलक देखने को मिली।
वीडियो के साथ अजय ने एक भावुक संदेश भी लिखा, “आज आपको प्यार और गर्व के साथ याद कर रहा हूँ।”
शेयर किए गए वीडियो में वीरू देवगन अपने बेटे अजय देवगन को फिल्मी दुनिया का हीरो बनाने के अपने सपने के बारे में बात करते नजर आते हैं। इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया कि कभी उनका खुद का सपना अभिनेता बनने का था, लेकिन परिस्थितियों ने उन्हें एक्शन डायरेक्शन की राह पर आगे बढ़ा दिया।
वीरू देवगन ने कहा, “जिस दिन अजय का जन्म हुआ, मुझे महसूस हो गया था कि वह एक दिन अभिनेता बनेगा। मुझे भी एक्टर बनने की इच्छा थी, लेकिन जब लगा कि मैं इसके लिए उपयुक्त नहीं हूं, तब मैंने अपना सपना अपने बेटे में देखना शुरू कर दिया। तभी मैंने ठान लिया कि उसे हीरो बनाऊंगा।”
वीडियो में कई दुर्लभ बिहाइंड-द-सीन पल भी शामिल हैं, जिनमें वीरू देवगन युवा अजय को एक्शन दृश्यों की बारीकियां सिखाते और उनका मार्गदर्शन करते दिखाई देते हैं। यह फुटेज न केवल एक पिता-पुत्र के रिश्ते को दर्शाती है, बल्कि गुरु और शिष्य के मजबूत संबंध को भी उजागर करती है।
गौरतलब है कि वीरेंद्र देवगन के रूप में जन्मे, वीरू देवगन हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित एक्शन डायरेक्टर और स्टंट कोरियोग्राफ़र में से एक थे। कई दशकों तक, उन्होंने ‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘मिस्टर नटवरलाल’, ‘क्रांति’, ‘प्रेम रोग’, ‘राम तेरी गंगा मैली’, ‘आज का अर्जुन’, ‘फूल और कांटे’ और ‘जिगर’ जैसी फ़िल्मों के लिए एक्शन सीन डिज़ाइन किए।
आज भले ही वीरू देवगन इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन भारतीय सिनेमा में उनके योगदान और अजय देवगन के जीवन पर उनके प्रभाव को हमेशा याद किया जाएगा।
