शाहरुख-अजय-टाइगर को FDA के नोटिस के बीच चर्चा में अक्षय कुमार, पान मसाला विज्ञापन पर कही थी ये बात

Akshay Kumar in the spotlight amidst FDA notices to Shah Rukh, Ajay, and Tiger; here is what he had said about pan masala advertisementsचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने पान मसाला ब्रांड के अप्रत्यक्ष प्रचार से जुड़े एक विज्ञापन को लेकर शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस खबर के सामने आने के बाद अक्षय कुमार का 2022 का पुराना बयान एक बार फिर चर्चा में आ गया है, जब विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर आलोचना के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी।

विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर ट्रोल हुए थे अक्षय

साल 2022 में अक्षय कुमार को विमल इलायची के एक विज्ञापन में नजर आने के बाद सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। लोगों ने अभिनेता के पान मसाला ब्रांड से जुड़े विज्ञापन में काम करने पर सवाल उठाए थे। बढ़ती नाराजगी के बीच अक्षय ने अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों से माफी मांगते हुए इस एंडोर्समेंट से हटने का ऐलान किया था।

X पर साझा किए गए अपने बयान में अक्षय कुमार ने लिखा था, “मुझे खेद है। मैं आप सभी, अपने सभी प्रशंसकों और शुभचिंतकों से माफी मांगना चाहता हूं। पिछले कुछ दिनों में आपकी प्रतिक्रिया ने मुझे गहराई से प्रभावित किया है।”

अक्षय ने यह भी स्पष्ट किया था कि उन्होंने कभी तंबाकू का एंडोर्समेंट नहीं किया और न ही भविष्य में ऐसा करने की इच्छा रखते हैं। हालांकि, उन्होंने माना कि विमल इलायची के साथ उनका जुड़ाव उनके प्रशंसकों की भावनाओं को आहत कर सकता है।

एंडोर्समेंट से हटने का किया था फैसला

अक्षय ने अपने बयान में कहा था, “पूरी विनम्रता के साथ, मैं इससे हट रहा हूं।” उन्होंने यह भी घोषणा की थी कि विज्ञापन से मिली पूरी एंडोर्समेंट फीस को वह एक नेक काम के लिए दान करेंगे।

अभिनेता ने साथ ही बताया था कि कॉन्ट्रैक्ट की कानूनी अवधि के कारण ब्रांड कुछ समय तक विज्ञापन प्रसारित कर सकता है। हालांकि, उन्होंने अपने प्रशंसकों को भरोसा दिलाया था कि भविष्य में किसी भी ब्रांड का विज्ञापन स्वीकार करने से पहले वह ज्यादा सावधानी बरतेंगे।

अब शाहरुख, अजय और टाइगर को FDA का नोटिस

अक्षय कुमार का यह पुराना बयान ऐसे समय में फिर चर्चा में आया है, जब महाराष्ट्र FDA ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को पान मसाला के अप्रत्यक्ष प्रचार के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

तीनों अभिनेता 2024 में विमल की इलायची को प्रमोट करने वाले एक विज्ञापन में साथ नजर आए थे। महाराष्ट्र के फूड सेफ्टी चीफ तुकाराम मुंडे की ओर से 11 अगस्त को जारी नोटिस में तीनों अभिनेताओं से कैंपेन में अपनी भागीदारी बंद करने और विज्ञापन से संबंधित प्रमोशनल कंटेंट को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स से हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

ऐसे में अक्षय कुमार का 2022 का फैसला एक बार फिर सुर्खियों में है। उस वक्त अभिनेता ने आलोचना के बाद न सिर्फ माफी मांगी थी, बल्कि विज्ञापन से हटने और एंडोर्समेंट फीस दान करने का भी ऐलान किया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *