तीरंदाज दीपिका कुमारी और अतनु दास की 30 जून को रांची में होगी शादी

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: भारत के दो बेहतरीन तीरंदाज़ दीपिका कुमारी और अतनु दास की मंगलवार य्यानी 30 जून को शादी हो रही है। शादी के दौरान सरकार के द्वारा बनाए गए नियमों का पालन होगा। यहाँ तक कि शादी के कार्ड में भी कोरोना वायरस से जुड़े सरकार के निर्देशों का पालन करने की गुजारिश दोनों पक्षों के तरफ से की गयी है।

तैयारियों के बारे में दीपिका ने बताया कि, ‘मेहमानों के आने पर मास्क, सैनिटाइजर दिये जायेंगे। हमने विस्तृत व्यवस्था की है। एक बड़ा बैंक्वेट हॉल बुक किया है, ताकि सामाजिक दूरी का पालन ठीक से हो सके।’ उन्होंने कहा, ‘हम किसी भी चीज को छुएंगे नहीं। हम खुद को और दूसरों को सुरक्षित रखना चाहते हैं।’

दीपिका ने कहा कि सिर्फ 60 निमंत्रण कार्ड छपे हैं और मेहमानों को रिसेप्शन में शामिल होने के लिए शाम को दो अलग-अलग समय दिये गये हैं। इस दौरान परिवार के सदस्य घर पर ही रहेंगे।

उन्होंने कहा, ‘हमने मेहमानों के लिए दो अलग-अलग समय तय किये हैं। पहले बैच के 50 लोग शाम 5:30 बजे से सात बजे तक आयेंगे और बाकी के 50 मेहमान इसके बाद आयेंगे। मेहमानों के वहां रहने तक परिवार के लोग घर में रहेंगे।’

भारतीय तीरंदाजी संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के इस समारोह में शामिल होने की संभावना है। दीपिका को विश्व में नंबर एक तीरंदाज बनाने में मुंडा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। अतनु के साथ दीपिका की सगाई वर्ष 2018 में हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *