अवनि लेखारा ने टोक्यो पैरालंपिक में जीता दूसरा पदक

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: भारत की पैरा निशानेबाज अवनि लेखारा ने टोक्यो पैरालंपिक में अपना दूसरा पदक जीत लिया है। आज अवनि ने 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन एसएच 1 इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया। इस से पहले उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल एसएच 1 वर्ग में 249.6 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता था। अवनि के पदक जीतने के साथ ही भारत ने टोक्यो में अबतक 12 पदक अपने नाम किए हैं।

अवनि 445.9 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इस इवेंट का स्वर्ण पदक चीन की कुलपिंग झांग ने जीता जिन्होंने 457.9 का स्कोर किया जबकि जर्मनी की नतास्चा हिलट्रोप ने 457.1 अंक लेकर रजत पदक अपने नाम किया। भारत ने दिन का दूसरा पदक अपने नाम किया है। अवनि से पहले प्रवीण कुमार ने पुरुष ऊंची कूद टी 64 इवेंट में देश को रजत पदक दिलाया। अवनि इसके साथ ही एक पैरालंपिक में एक से ज्यादा पदक जीतने वाली पहली महिला और दूसरी भारतीय पैरा एथलीट बन गई हैं। उनसे पहले जोगिंद सिंह बेदी ने एक पैरालंपिक में एक से ज्यादा पदक जीते थे।

बेदी ने 1984 में स्टोक मांदेविले में हुए पैरालंपिक में शॉट पुट एल 6 में रजत और भाला फेंक एफ 46 तथा डिस्कस थ्रो एल 6 इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया था। अवनि अब रविवार को मिक्सड 50 मीटर राइफल प्रोन एसएच 1 इवेंट में प्रतिस्पर्धा करती नजर आएंगी। भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में अबतक दो स्वर्ण, छह रजत और चार कांस्य सहित कुल 12 पदक अपने नाम किए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *