बॉक्स ऑफिस पर ‘धमाल 4’ की शानदार शुरुआत, पहले दिन कमाए 13.75 करोड़ रुपये
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ ने सिनेमाघरों में अच्छी शुरुआत की है। शुरुआती अनुमान के अनुसार फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 13.75 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस ओपनिंग के साथ फिल्म ने अजय देवगन की हालिया रिलीज फिल्मों से बेहतर शुरुआत की है, हालांकि यह 2019 में रिलीज हुई ‘टोटल धमाल’ के पहले दिन के 16.50 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार नहीं कर सकी।
देशभर में 10,669 शोज़ के साथ रिलीज हुई ‘धमाल 4’ को पहले दिन दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। हालांकि, ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में यह मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ से पीछे रही, जिसने पेड प्रीव्यू सहित पहले दिन 19 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।
खजाने की खोज पर आधारित है कहानी
निर्देशक इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी ‘धमाल 4’ लोकप्रिय धमाल फ्रेंचाइज़ी की चौथी फिल्म और ‘टोटल धमाल’ का सीधा सीक्वल है। फिल्म का निर्माण टी-सीरीज़ फिल्म्स, पैनोरमा स्टूडियोज, देवगन फिल्म्स, मारुति इंटरनेशनल और आनंद पंडित मोशन पिक्चर्स ने मिलकर किया है।
फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, रवि किशन, संजय मिश्रा, उपेंद्र लिमये, अंजलि आनंद, संजीदा शेख, ईशा गुप्ता और विजय पाटकर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
पहली तीन फिल्मों की तरह इस बार भी कहानी खजाने की तलाश के इर्द-गिर्द घूमती है। जहां पिछली फिल्मों में खजाने का सुराग ‘W के नीचे’ था, वहीं इस बार कहानी ‘M के नीचे’ छिपे खजाने की खोज पर आधारित है। फिल्म में कॉमेडी, एडवेंचर और स्लैपस्टिक ह्यूमर का भरपूर तड़का देखने को मिलता है।
‘धमाल 4’ को दर्शकों और समीक्षकों से मिश्रित प्रतिक्रिया मिली है। कई लोगों ने फिल्म के हास्य, कॉमिक टाइमिंग और खासकर अरशद वारसी, रितेश देशमुख और संजय मिश्रा के अभिनय की तारीफ की है। वहीं कुछ समीक्षकों ने फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और एआई से तैयार किए गए विजुअल्स के इस्तेमाल को कमजोर बताया है।
फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेता रवि किशन ने ‘धमाल 4’ को लेकर बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि यह कॉमेडी फिल्मों का दौर है और ‘धमाल 4’ दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी।
रवि किशन ने कहा था, “यह फिल्म धमाल मचा देगी। इसकी कहानी शानदार है, सभी कॉमिक सीन दर्शकों को खूब हंसाएंगे और फिल्म के गाने भी पहले से ही पसंद किए जा रहे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि यह फिल्म बड़ी हिट साबित होगी।”
पहले दिन की अच्छी शुरुआत के बाद अब सभी की निगाहें फिल्म के वीकेंड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर हैं। यदि दर्शकों के बीच सकारात्मक प्रतिक्रिया और वर्ड ऑफ माउथ मजबूत रहता है, तो ‘धमाल 4’ शनिवार और रविवार को अपनी कमाई में बड़ा उछाल दर्ज कर सकती है।
