अगर कंडोम एड करना है, तो पैसे लेकर करूंगा, मुफ़्त में नहीं: यश
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: साउथ सुपरस्टार यश इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के गाने ‘तबाही’ को लेकर सोशल मीडिया पर जहां कुछ लोग इसकी तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स वीडियो में दिखाए गए इंटिमेट सीन्स को लेकर इसकी आलोचना भी कर रहे हैं। हाल ही में ‘आप की अदालत’ में पहुंचे यश से जब इसी ट्रोलिंग के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेने के बजाय अपने मज़ाकिया अंदाज़ में जवाब दिया।
शो के दौरान यश से पूछा गया कि सोशल मीडिया पर लोग ‘तबाही’ वीडियो की तुलना कंडोम विज्ञापन से कर रहे हैं। इस पर अभिनेता ने हंसते हुए कहा, “अगर कंडोम एड करना है, तो पैसे लेकर करूंगा। ऐसे मुफ़्त में नहीं करूंगा।” उनके इस जवाब ने साफ कर दिया कि वह सोशल मीडिया की इस तरह की टिप्पणियों को लेकर ज्यादा परेशान नहीं हैं।
‘टॉक्सिक’ के इंटिमेट सीन्स पर क्या बोले यश?
फिल्म में कियारा आडवाणी के साथ यश के इंटिमेट सीन्स को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है। इस बारे में बात करते हुए अभिनेता ने कहा कि फिल्म वल्गैरिटी की सीमा पार नहीं करती। उन्होंने स्पष्ट किया, “वल्गैरिटी गलत है। मैंने तो किस भी नहीं किया है, अगर आपने देखा होगा तो।”
यश ने आगे समझाया कि सिनेमा में एक खास सीमा होती है, जिसे कलाकार और क्रिएटर्स समझते हैं। उनके मुताबिक, किसी भी सीन को खूबसूरती से फिल्माना जरूरी है, ताकि वह दर्शकों को देखने में अच्छा लगे। उन्होंने कहा कि स्क्रीन पर किसी दृश्य का प्रभाव उसके फिल्मांकन और क्रिएटिव विजन से आता है। यह पूरी तरह एक क्रिएटर की आवाज़ और उसके नजरिए पर निर्भर करता है।
यश ने यह भी बताया कि ‘टॉक्सिक’ सिर्फ एक एक्शन फिल्म नहीं है, बल्कि यह नई पीढ़ी और पुरानी पीढ़ी के बीच सोच के अंतर को भी सामने लाती है। उनके मुताबिक, फिल्म उन सवालों को उठाती है जो आज के युवा पुरानी पीढ़ी, समाज और उन तय नियमों को लेकर पूछते हैं, जिनका पालन करने की उनसे उम्मीद की जाती है।
यश ने कहा कि ‘टॉक्सिक’ Gen-Z के लिए है और फिल्म में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि युवा क्यों सवाल करते हैं—पुराने नियम ऐसे ही क्यों हैं, चीजें एक खास तरीके से ही क्यों करनी पड़ती हैं और नई पीढ़ी को अपनी सोच के मुताबिक जीने की आजादी क्यों नहीं मिलनी चाहिए।
26 अगस्त को रिलीज़ होगी ‘टॉक्सिक’
‘टॉक्सिक’ की रिलीज़ को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह है। फिल्म अब 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है। इसे KVN प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म अपने ओरिजिनल कन्नड़ और अंग्रेज़ी वर्जन के साथ-साथ हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज़ होगी।
