समझौता वार्ता से ईरान बाहर चला गया, जेडी वेंस देखते रहे; पाकिस्तानी हैरान

Iran walked out of the negotiation talks while JD Vance watched; Pakistanis were left stunned.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: स्विट्जरलैंड में ईरान और अमेरिका के बीच अहम बातचीत का पहला दौर रविवार को मुश्किलों के साथ शुरू हुआ। तेहरान ने अमेरिकी अधिकारियों के साथ पहले से तय फोटो सेशन में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया और बाद में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से तेहरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की हालिया धमकी के विरोध में वेन्यू से बाहर चले गए।

यह घटनाक्रम बर्गनस्टॉक रिसॉर्ट में हुआ, जहां हाल ही में हुए इस्लामाबाद मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) के तहत बातचीत के शुरुआती दौर के लिए ईरान, अमेरिका, पाकिस्तान और कतर के प्रतिनिधि इकट्ठा हुए थे।

ईरान की तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, आयोजकों और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बातचीत शुरू होने से पहले दोनों पक्षों के बीच हाथ मिलाने और संयुक्त फोटो सेशन की योजना बनाई थी। हालांकि, ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बागेर गालीबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया और बाहर चले गए।

हालांकि, एक वीडियो में यह खास पल कैद हुआ है, जिसमें ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को चुपचाप कोई संदेश देते दिखते हैं और फिर अचानक मुड़कर ईरानी प्रतिनिधिमंडल के साथ कमरे से बाहर चले जाते हैं।

इस अप्रत्याशित बातचीत से शरीफ हैरान रह जाते हैं। कुछ ही पल बाद, वे हैरानी के साथ अपने बगल में खड़े पाकिस्तान सेना प्रमुख आसिम मुनीर की ओर इशारा करते हुए दिखाई देते हैं। जब माहौल तनावपूर्ण हो जाता है, तो कैमरा अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की ओर घूमता है, जिनके हाव-भाव से लगता है कि उन्होंने कुछ ही फीट की दूरी से हो रही इस घटना पर ध्यान दिया है।

इसके बाद वेंस शरीफ और मुनीर के पास जाते हैं और तीनों के बीच थोड़ी बातचीत होती है, जो संभवतः अरागची के अचानक चले जाने और उससे पहले दिए गए संदेश पर केंद्रित थी।

बाद में, ईरानी अधिकारियों ने आपत्ति जताई और आयोजकों को बताया कि वे प्रतिनिधिमंडल के साथ किसी भी फोटो-ऑप (फोटो खिंचवाने के कार्यक्रम) में शामिल नहीं होंगे, और इसे अमेरिकी “मीडिया शो” करार दिया। तनाव के बावजूद, ईरानी और अमेरिकी अधिकारी कुछ देर के लिए एक ही कमरे में मौजूद रहे। वेन्यू के फुटेज में अरागची को एक कमरे में प्रवेश करते हुए दिखाया गया, जहां अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनके प्रतिनिधिमंडल के सदस्य, जिनमें स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शामिल थे, मौजूद थे। ईरानी विदेश मंत्री ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से हाथ मिलाकर और गले मिलकर अभिवादन किया और फिर दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई। वेंस ने अरागची की ओर देखा और फिर नजरें हटा लीं। इसके कुछ ही देर बाद अरागची वहां से चले गए।

इस पल ने सबका ध्यान खींचा क्योंकि यह कई वर्षों में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच सबसे उच्च-स्तरीय सीधी मुलाकात थी। ट्रंप की ओर से तेहरान को चेतावनी दिए जाने के बाद तनाव और बढ़ गया। ट्रंप ने कहा कि ईरान लेबनान में हिज़्बुल्लाह पर लगाम लगाए, वरना उसे अमेरिका की नई सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “ईरान को लेबनान में अपने भारी-भरकम पैसे पाने वाले प्रॉक्सी (प्रतिनिधियों) को तुरंत गड़बड़ी फैलाने से रोकना होगा। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो हम ईरान पर फिर से बहुत ज़ोरदार हमला करेंगे—ठीक वैसे ही जैसे हमने पिछले हफ़्ते किया था, बल्कि उससे भी ज़्यादा ज़ोरदार!!!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *