मानसून सत्र में प्रश्नकाल नहीं होने से बिफरा विपक्ष
चिरौरी न्यूज़
नई दिल्ली: आज जैसे ही लोकसभा सचिवालय से मानसून सत्र का शेड्यूल आया, विपक्ष की तरफ से इस पर प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गयी। दरअसल इस बार संसद सत्र के दौरान प्रश्नकाल नहीं होने से विपक्ष इसे मुद्दा बनाना चाहता है। लोकसभा की कार्यवाही से प्रश्न काल को हटाने पर विपक्ष ने सरकार पर हमला बोल दिया है। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि सरकार प्रश्न काल हटाकर रबर स्टंप से देश को चलाना चाहती है। यह लोकतंत्र के लिए घातक होगा।
कोरोना संकट के बीच 14 सितंबर से शुरू हो रहे संसद सत्र को लेकर आज लोकसभा सचिवालय ने शेड्यूल जारी किया है जिसके अनुसार 15 सितंबर से 01 अक्टूबर तक लोकसभा दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक चलेगा। नए टाइम टेबल के अनुसार सत्र के पहले दिन यानी की 14 सितंबर को संसद 9 बजे से 1 बजे तक चलेगी, जबकि 15 सितंबर से 1 अक्टूबर तक संसद के नीचले सदन को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक चलाया जाएगा। लोकसभा सचिवालय के अनुसार इस सत्र में प्रश्न काल नहीं होने का कारण संसद सत्र के कम समय की कार्यवाही को माना जारहा है।
सत्र के लिए तयारी
संसद सत्र के दौरान सांसदों, कर्मचारियों सहित करीब 4000 लोगों के लिये कोरोना वायरस टेस्ट कराने और आने जाने वाले के लिए हजारों की संख्या में मास्क, दास्ताने, सैनिटाइजर की बोतलें, फेस शिल्ड सहित 18 दिनों के सत्र के लिये कई अन्य व्यवस्थाएं की गई है। सत्र के दौरान पूरे संसद परिसर को सैनिटाइज किया जायेगा, यहाँ तक कि विभिन्न संसदीय कागजातों के अलावा जूता-चप्पल एवं सांसदों के कारों को भी सैनिटाइज करने की व्यवस्था होगी।