बिहार में राजनीतिक उठापटक, नीतीश ने निकाले मंत्री तो राजद ने निकाले तीन विधायक
चिरौरी न्यूज़
पटना: बिहार में जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, राजनीतिक दलों के नेताओं में पाला बदलने की तेज़ी भी दिखाई देने लगी है। एक ओर जहाँ मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल अपने तीन विधायकों को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है, वहीँ जनता दल (यू) से श्याम रजक की विदाई भी हो गयी है। श्याम रजक नीतीश सरकार में मंत्री थे, और कहा जा रहा है कि सरकार में रह कर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। सरकार के मुखिया नीतीश कुमार को इसकी भनक लग गयी और जब तक श्याम रजक कुछ कर पाते उस से पहले ही उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि श्याम रजक दल विरोधी काम में संलिप्त थे, इसलिए उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया है।
श्याम रजक सोमवार को मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले थे। बिहार में उद्योग मंत्री श्याम रजक पिछले कई दिनों से नीतीश कुमार से ख़फ़ा चल रहे थे। श्याम रजक ने उद्योग विभाग में बनाए गए प्रधान सचिव एस सिद्धार्थ के कार्यकलापों की सीएम नीतीश कुमार से लिखित शिकायत की थी. इससे नीतीश नाराज़ हो गए थे।
राजद ने अपने विधायकों पर ये कारवाई की आधिकारिक घोषणा प्रदेश कार्यालय में रविवार को की। पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निष्कासित तीनों विधायकों, गायघाट के विधायक महेश्वर प्रसाद यादव, पातेपुर की विधायक प्रेमा चौधरी, केउटी के विधायक फराज फातमी, को इसकी आधिकारिक सूचना दे दी गयी है।
राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव आलोक मेहता ने बताया कि कुछ दिनों से इन विधायकों की गतिविधियां पार्टी विरोधी देखी जा रही थीं। इसकी आधिकारिक जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद को दी गयी थी। अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल प्रसाद के निर्देश पर इन सभी को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किया गया है। निष्कासित विधायकों को 14 अगस्त को उन्हें निष्कासन आदेश दे दिया गया था। उन्होंने बताया कि शेष विधायक पार्टी के साथ पूरी तरह एकजुट हैं।
हालांकि अलोक मेहता ने चन्द्रिका रॉय के सवाल पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि सारा मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष के संज्ञान में है। जब भी कुछ होगा, उन्हीं के आदेश पर होगा। इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चा गरम है कि प्रदेश के उद्योग मंत्री श्याम रजक जदयू को छोड़कर राजद में वापस जा सकते हैं। आज सुबह से राजद कार्यालय में इसकी चर्चा जोरों पर थी। हालांकि पार्टी के प्रदेश प्रधान महासचिव ने बताया कि मुझे इस बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं पता है।