उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान की हुई कोरोना से मृत्यु

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज़ चेतन चौहान की आज मृत्यु हो गयी है। वो कोरोना वायरस  से संक्रमित थे और गुरुग्राम के मेदान्ता हॉस्पिटल में भर्ती थे। चेतन चौहान को बेहतर इलाज़ के लिए कल लखनऊ के संजय गाँधी पीजीआई से गुरुग्राम के मेदंता हॉस्पिटल लाया गया था, जहाँ उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था।

बता दें कि चेतन चौहान का इलाज़ लखनऊ के संजय गाँधी पीजीआई में चल रहा था, लेकिन उनकी किडनी ने काम करना बंद कर दिया था। उसके बाद उन्हें मेदान्ता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। आज दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली है।

उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में चौहान के पास सैनिक कल्याण, होमगार्ड, पीआरडी और नागरिक सुरक्षा मंत्रालय थे। 11 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनको संजय गांधी पीजीआई में एडमिट कराया गया था। इसके बाद उन्हें किडनी और ब्लड प्रेशर की समस्या शुरू हो गईं। इसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।

अमरोहा से चेतन चौहान भाजपा के सांसद भी रहे हैं। चेतन चौहान भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। 1991 और 1998 के चुनाव में वह भाजपा के टिकट अमरोहा से सांसद बने थे। चेतन चौहान अमरोहा जिले की नौगांवा विधानसभा से इस बार चुनाव जीकर आये थे।

इस से पहले उत्तर प्रदेश के एक और मंत्री का कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण निधन हो गया था, जबकि छह मंत्री अभी भी लखनऊ के संजय गांधी पीजीआइ में भर्ती हैं। कैबिनेट मंत्री ब्रजेश के साथ ही जल शकित मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, उपेंद्र तिवारी, जय प्रताप सिंह व धर्म सिंह सैनी भी कोरोना संक्रमित हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *