महाराष्ट्र में ‘गूंगी गुड़िया’ टिप्पणी पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने जताया खेद
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: महाराष्ट्र में मंगलवार को उस समय सियासी विवाद गहरा गया, जब प्रदेश कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को “गूंगी गुड़िया” कह दिया। इस टिप्पणी के बाद अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के कार्यकर्ता मुंबई स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंच गए और जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
यह विवाद महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद शुरू हुआ। प्रेस वार्ता समाप्त होते ही एनसीपी कार्यकर्ता तिलक भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में पहुंच गए और सुनेत्रा पवार पर की गई टिप्पणी का विरोध करते हुए हंगामा किया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे एनसीपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कोलाबा पुलिस स्टेशन पहुंचाया। घटना के बाद कांग्रेस कार्यालय के बाहर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई।
सुनेत्रा पवार बोलीं- समय आने पर दूंगी जवाब
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा कि वह उचित समय आने पर इसका जवाब देंगी। उन्होंने कहा, “जब समय आएगा, तब मैं इसका उचित जवाब दूंगी।”
विवाद बढ़ने के कुछ घंटे बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि सुनेत्रा पवार को लेकर की गई टिप्पणी “दुर्भाग्यपूर्ण” थी और यह गलतफहमी का परिणाम थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सम्मान और गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उनका कहना था कि यह टिप्पणी किसी व्यक्ति विशेष पर व्यक्तिगत हमला नहीं थी, बल्कि राजनीतिक संदर्भ में कही गई थी, इसलिए इसे गलत अर्थों में नहीं लिया जाना चाहिए।
हालांकि, इससे पहले दिन में सपकाल ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा था कि उनका इशारा सुनेत्रा पवार के सार्वजनिक व्यवहार की ओर था। उन्होंने कहा कि यदि उपमुख्यमंत्री पत्रकारों के सवालों का जवाब नहीं देतीं, रिपोर्टरों को चुप रहने के लिए कहती हैं और महत्वपूर्ण मुद्दों पर मौन रहती हैं, तो लोकतंत्र में ऐसे व्यवहार को “गूंगी गुड़िया” कहना अपमानजनक या असंसदीय नहीं माना जा सकता।
शिंदे और फडणवीस ने कांग्रेस पर साधा निशाना
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस की टिप्पणी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि यह केवल सुनेत्रा पवार ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की सभी महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस से तत्काल माफी मांगने की मांग की। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस ने राजनीतिक मर्यादाओं का स्तर गिरा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुर्खियों में बने रहने के लिए कांग्रेस इस तरह के बयान दे रही है।
रोहित पवार की संतुलित प्रतिक्रिया
दूसरी ओर, शरद पवार गुट के एनसीपी विधायक रोहित पवार ने इस विवाद पर संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी कभी “गूंगी गुड़िया” कहा गया था, लेकिन उन्होंने अपने काम से आलोचकों को जवाब दिया था। रोहित पवार ने कहा कि ऐसे बयानों को सकारात्मक रूप से लेते हुए काम के जरिए जवाब देना बेहतर होता है।
इस विवाद के बाद महाराष्ट्र की सियासत में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो गया है। हालांकि कांग्रेस ने खेद व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया है कि उसका उद्देश्य उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना नहीं था।
