ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी करेंगी रानी रामपाल
चिरौरी न्यूज़
नई दिल्ली: महीने 23 तारीख से होनेवाले टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी रानी रामपाल करेंगी। आज हॉकी इंडिया ने इस बात की घोषणा की। कुछ दिनों पहले जब टोक्यो ओलिंपिक के लिए टीम की घोषणा हुई थी उस समय कप्तान के नाम का एलान नहीं किया गया था, लेकिन आज अनुभवी स्ट्राइकर रानी रामपाल को टीम का कप्तान बनया गया है।
रानी के अलावा डिफेंडर दीप ग्रेस एक्का और गोलकीपर सविता पुनिया को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। टीम का कप्तान बनाए जाने के बाद रानी ने कहा, “ओलंपिक में भारतीय टीम का नेतृत्व करना सम्मान की बात है। पिछले कुछ वर्षो में कप्तान के रूप में मेरी भूमिका से यह आसान हुआ। मैं इस जिम्मेदारी के लिए तैयार हूं और मुझे यह सम्मान देने के लिए मैं हॉकी इंडिया का धन्यवाद करती हूं।”
हॉकी इंडिया ने कहा कि रानी ना सिर्फ अपने ऑनफील्ड प्रदर्शन के लिए बल्कि टीम में युवाओं का मार्गदर्शन करने की उनकी सहज क्षमता के लिए भी कप्तान के रूप में पहली पसंद थीं। हॉकी इंडिया ने कहा, “सविता और दीप करीब एक दशक से संभावित टीम का हिस्सा हैं और लीडरशीप ग्रुप का अहम हिस्सा रहीं हैं। इन्होंने 2018 में सर्वश्रेष्ठ नौंवीं रैंकिंग हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।”