सचिन तेंदुलकर भी हुए वैभव सूर्यवंशी के मुरीद, 15 साल के बल्लेबाज़ की ऐतिहासिक पारी ने मचाया तहलका
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: IPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने ऐसी विस्फोटक पारी खेली कि पूरा क्रिकेट जगत उनकी तारीफ करने पर मजबूर हो गया। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए। उनकी इस तूफानी पारी में 5 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे।
वैभव की बल्लेबाज़ी देखकर भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर भी खुद को उनकी तारीफ करने से नहीं रोक पाए। सचिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
“वैभव सूर्यवंशी का बैट स्विंग शानदार है। सबसे खास बात यह है कि वह लेग स्टंप की गेंदों पर खूबसूरती से फ्रंट फुट हटाकर खुद के लिए जगह बनाते हैं। यही आज़ादी उन्हें बड़े शॉट खेलने में मदद करती है। उनकी यह पारी बेहद शानदार थी।”
वैभव ने इस पारी के साथ कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए। उन्होंने एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज़ Chris Gayle को पीछे छोड़ दिया। इस सीजन में अब तक वह 65 छक्के जड़ चुके हैं।
भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भी वैभव की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, “Boss baby ने Universal Boss का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह बच्चा देखने में अविश्वसनीय है।”
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने वैभव को “भविष्य का सुपरस्टार” बताते हुए कहा कि क्रिकेट जगत को अब इस युवा खिलाड़ी से बहुत उम्मीदें हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं—
- IPL नॉकआउट मुकाबले में सबसे ज्यादा 12 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ बने।
- IPL प्लेऑफ में सबसे तेज 16 गेंदों में अर्धशतक लगाने की बराबरी की।
- पावरप्ले में 8 छक्के लगाकर सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ा।
- IPL सीजन में पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बने।
- 600+ रन और 200+ स्ट्राइक रेट के साथ T20 इतिहास में ऐसा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने।
इस सीजन में वैभव ने 15 पारियों में 680 रन बनाए हैं। उनका औसत 45.33 और स्ट्राइक रेट 242.85 का रहा है। उन्होंने अब तक 1 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं।
मैच की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 242/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया। वैभव सूर्यवंशी के अलावा ध्रुव जुरेल ने 21 गेंदों में 50 रन की तेज पारी खेली। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद लक्ष्य का पीछा करते हुए दबाव में बिखर गई।
वैभव सूर्यवंशी की यह पारी सिर्फ एक शानदार इनिंग नहीं थी, बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य की झलक भी थी। 15 साल की उम्र में जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ उन्होंने दुनिया के बड़े गेंदबाज़ों का सामना किया, उसने साफ कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार मिल चुका है।
