आमिर खान की तीसरी शादी पर शेखर सुमन का मज़ेदार तंज, ‘अब ट्रिपल इंजन सरकार चला रहे हैं’

Shekhar Suman’s witty dig at Aamir Khan’s third marriage: ‘Now running a triple-engine government’चिरौरी न्यूज

मुंबई: अभिनेता और मशहूर होस्ट शेखर सुमन ने अपने यूट्यूब शो ‘शेखर टूनाइट’ के नवीनतम एपिसोड में अभिनेता आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर अपने खास व्यंग्यात्मक अंदाज़ में कई मज़ेदार टिप्पणियां कीं। उन्होंने आमिर की निजी जिंदगी को राजनीति और गठबंधन की राजनीति से जोड़ते हुए ऐसा हास्य प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों को खूब गुदगुदाया।

शेखर ने शुरुआत में आमिर खान की प्रतिभा की जमकर सराहना करते हुए कहा, “इस आदमी ने आने वाली कई पीढ़ियों को एक अनोखा विज़न दिया है, और वह विज़न है, किसी भी चीज़ का तब तक पीछा करना, जब तक उसे हासिल न कर लिया जाए।”

इसके बाद उन्होंने आमिर की पूर्व शादियों, रीना दत्ता और किरण राव का ज़िक्र करते हुए उनकी हालिया शादी को राजनीतिक रंग दे दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन की राजनीति करने वाले नेताओं को भी आमिर खान से बहुत कुछ सीखना चाहिए।

उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “लोग कहते हैं कि राजनेता गठबंधन बनाना जानते हैं, लेकिन गठबंधन बनाने की असली कला तो आमिर खान के पास है। दो गठबंधन के बाद अब यह महागठबंधन बन गया है।”

राजनीतिक व्यंग्य को आगे बढ़ाते हुए शेखर ने कहा, “हमारी सरकार जहां डबल इंजन ठीक से नहीं चला पा रही, वहीं आमिर अब ट्रिपल इंजन सरकार चला रहे हैं।” उनकी इस टिप्पणी पर स्टूडियो में मौजूद दर्शक ठहाके लगाने लगे।

अपने चिर-परिचित अंदाज़ में शब्दों से खेलते हुए शेखर ने कहा, “आपने गौरी… ज़रा गौर किया होगा।” इसके बाद उन्होंने आमिर की निजी जिंदगी की तुलना एक रेलगाड़ी से की। उन्होंने कहा कि जैसे कोई इंजन चालक अलग-अलग स्टेशनों पर बोगियां जोड़ता और हटाता है, वैसे ही आमिर ने अपने जीवन के अलग-अलग पड़ावों को सहजता से जोड़ा है और सभी रिश्तों को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

हालांकि व्यंग्य के बीच शेखर ने आमिर की प्रतिभा की भी खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “उनका टैलेंट बेमिसाल है। वह सचमुच अनोखे इंसान हैं। अलग-अलग तरह के फ्यूल के बावजूद उनका इंजन आज भी बिना रुके नई मंजिल की ओर बढ़ रहा है।”

शेखर यहीं नहीं रुके। उन्होंने मज़ाकिया लहजे में कहा, “आमिर खान ने तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना ली है। लगता है वह एनडीए सरकार हैं। शायद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सोच रहे होंगे कि उन्होंने तो अभी नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा था, लेकिन अब सामने आमिर खान जैसा नया कॉम्पिटिटर आ गया।”

उन्होंने शादी समारोह में आमिर के पिछले रिश्तों से हुए बच्चों की मौजूदगी का भी जिक्र किया और इसे “वसुधैव कुटुंबकम” यानी पूरा विश्व एक परिवार की भावना का बेहतरीन उदाहरण बताया। साथ ही उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि INDIA गठबंधन को भी आमिर खान से सीखना चाहिए कि पुराने सहयोगियों को साथ कैसे रखा जाता है।

अपने मोनोलॉग का समापन भी शेखर ने उसी अंदाज़ में किया, जिसके लिए वह जाने जाते हैं। उन्होंने कहा, “अब मुझे समझ आया कि आमिर को ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ क्यों कहा जाता है। जब तक वे किसी काम में परफेक्ट नहीं हो जाते, तब तक उसे करते रहते हैं। और जैसा कि हम जानते हैं, परफेक्शन की कोई सीमा नहीं होती… सीमा तो छोड़िए, कोई रीना या किरण भी नहीं होती।”

गौरतलब है कि 5 जुलाई को आमिर खान ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने आवास पर एक निजी समारोह में गौरी स्प्रैट से शादी की। इस समारोह में परिवार के करीबी सदस्य और आमिर के पिछले रिश्तों से हुए बच्चे भी शामिल हुए थे। अभिनेता ने पहली बार मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *