सीताराम येचुरी के बेटे का कोरोना से निधन, प्रधानमंत्री ने जताया शोक

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: सीपीआई (मार्क्सवादी) नेता सीताराम येचुरी के बेटे आशीष का भी कोरोना के कारण निधन हो गया। आशीष की उम्र करीब 35 साल थी। आशीष ने एशियन कॉलेज ऑफ जर्नलिज्म, चेन्नई से पढ़ाई की थी और उन्होंने दिल्ली में टाइम्स ऑफ इंडिया समेत कई प्रकाशनों में काम किया था। आशीष की मृत्यु की की जानकारी सीताराम येचुरी ने खुद ट्विटर के जरिए दी है। उन्होंने मुश्किल समय में उम्मीद देने के लिए लोगों का आभार जताया है।

सीताराम येचुरी ने ट्वीट करके कहा, ‘मैंने अपने बड़े बेटे आशीष येचुरी को आज सुबह कोविड के कारण खो दिया, मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने हमें आशा दी और जिन्होंने उसका इलाज किया।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी के बड़े पुत्र आशीष के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया और परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि सीतराम येचुरी के पुत्र आशीष के दुखद और असामयिक निधन पर उन्हें और उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।

वरिष्ठ नेता के बेटे के निधन पर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) ने श्रद्धांजलि दी है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार पार्टी ने कहा ‘सीताराम येचुरी और इंद्राणी मजूमदार के पुत्र आशीष येचुरी के आज सुबह (22 अप्रैल) को निधन की घोषणा करने पर हमें गहरा खेद है। उनका कोविड से संबंधित जटिलताओं के चलते निधन हो गया। वे 35 वर्ष के थे। पोलित ब्यूरो सीताराम और इंद्राणी, उनकी पत्नी स्वाति, उनकी बहन अखिला और शोक संतप्त परिवार के अन्य सभी सदस्यों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *