दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट और अकासा का विमान टकराया, दोनों विमान को नुकसान; यात्री सुरक्षित
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: गुरुवार को दोपहर करीब 2:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट का एक विमान टैक्सी कर रहा था, तभी वह खड़े अकासा विमान से टकरा गया। इस मामूली टक्कर से दोनों विमानों को नुकसान पहुंचा। इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। स्पाइसजेट के विमान का दायां विंगलेट क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि अकासा के विमान के बाईं ओर का हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइज़र प्रभावित हुआ।
FlightRadar24 के प्लेबैक से पता चलता है कि यह दुर्घटना तब हुई, जब लेह से आया स्पाइसजेट का विमान गेट की ओर बढ़ रहा था और अकासा एयर का विमान हैदराबाद के लिए पुश-बैक कर रहा था।
अकासा एयरलाइन ने एक बयान में कहा, “शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि अकासा का विमान उस समय स्थिर खड़ा था, जब किसी दूसरी एयरलाइन का विमान उससे टकरा गया। सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया है, और हमारी ग्राउंड टीमें यात्रियों को जल्द से जल्द हैदराबाद पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रही हैं।”
एयरलाइन ने ज़ोर देते हुए कहा, “निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। अकासा एयर में, हमारे यात्रियों और क्रू सदस्यों की सुरक्षा और संरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
