प्रधानमंत्री मोदी सहित देश दे रहा है हॉकी टीम को बधाई

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीतने पर भारत की पुरुष हॉकी टीम को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस शानदार जीत से टीम ने पूरे देश और खासतौर से हमारे युवाओं को जोश से भर दिया है।

एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा हैः “ऐतिहासिक! यह दिन हर भारतीय के लिए हमेशा यादगार रहेगा। कांस्य पदक घर लाने के लिये हमारी पुरुषों की हॉकी टीम को बधाई। इस शानदार जीत से उन लोगों ने पूरे देश का और खासतौर से हमारे युवाओं का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया है और वे जोश से भर उठे हैं। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।”

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी टीम को बधाई दिया है। सीएम योगी ने टोक्यो ओलंपिक में मेंस हॉकी टीम को कांस्य पदक जीतने पर ट्वीट कर बधाई दी, बोले- ‘टीम इंडिया की अविस्मरणीय उपलब्धि पर देश को गर्व’।
#CMYogi #TokyoOlympics #IndianHockeyTeam

पुरुष हॉकी टीम के खिलाड़ी मंदीप सिंह के घर खुशियां मनाई जा रही हैं। मंदीप की मां ने कहा, “खिलाड़ियों की मेहनत आज सफल हुई। आज हम बहुत खुशियां मनाएंगे।” वहीं अमृतसर में हॉकी खिलाड़ी गुरजंत सिंह के घर पर भी खुशियां मनाई गईं। गुरजंत सिंह की मां ने कहा, “हमें बहुत खुशी है कि खिलाड़ियों ने आज का मैच जीत लिया। इन्होंने पंजाब और भारत का नाम रोशन कर दिया।”

भारत ने आखिरी बार 1980 के मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। कांस्य पदक की बात की जाए तो भारत ने 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में नीदरलैंड्स को हराकर यह पदक जीता था। टोक्यो में भारत का यह चौथा पदक है। भारत हॉकी के अलावा वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन और मुक्केबाजी में पदक जीत चुका है जबकि इस हार के साथ जर्मनी के हाथों 2016 के रियो ओलंपिक के बाद लगातार दूसरा कांस्य जीतने का मौका निकल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *