एमएस धोनी के CSK में 25% हिस्सेदारी मांगने की खबर पर फ्रेंचाइजी ने तोड़ी चुप्पी
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की हिस्सेदारी को लेकर सामने आई रिपोर्ट पर अब फ्रेंचाइजी की ओर से सफाई दी गई है। हाल ही में एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि धोनी ने CSK में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी मांगी थी, जिसे बाद में घटाकर 20 प्रतिशत कर दिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रेंचाइजी की ओर से उन्हें 5.5 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव दिया गया था।
हालांकि, CSK ने इन दावों से खुद को अलग कर लिया है। फ्रेंचाइजी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने Cricbuzz से कहा, “एमएस ने इस बारे में हमसे कभी बात नहीं की। हमने इस मामले पर कभी चर्चा नहीं की। हमें इस बात की भी कोई जानकारी नहीं है कि उन्होंने इस मुद्दे पर श्री एन. श्रीनिवासन से चर्चा की हो।”
धोनी के पास CSK के शेयर होने का दावा
रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि धोनी के पास CSK फ्रेंचाइजी के कुछ शेयर हैं। चूंकि CSK की कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध नहीं है, इसलिए उसके शेयर खुले बाजार में कारोबार नहीं करते। रिपोर्ट के अनुसार, ऐसे शेयर निजी तौर पर ऑफ-मार्केट लेनदेन के जरिए खरीदे जा सकते हैं।
रिपोर्ट में दावा किया गया कि धोनी के पास एक लाख से अधिक शेयर हैं। हालांकि, यह हिस्सेदारी बहुत बड़ी नहीं मानी जाती, क्योंकि फ्रेंचाइजी के 30 करोड़ से ज्यादा बकाया शेयर पब्लिक के पास हैं, जो कंपनी की कुल शेयर पूंजी का करीब 40 प्रतिशत है।
वहीं, पूर्व BCCI प्रमुख एन. श्रीनिवासन के परिवार के पास CSK में 55 प्रतिशत से अधिक की नियंत्रक हिस्सेदारी होने की बात कही गई है।
रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक, मौजूदा IPL फ्रेंचाइजी के बाजार मूल्य के आधार पर धोनी की हिस्सेदारी की कीमत करीब 2.6 से 3 करोड़ रुपये हो सकती है। हाल ही में एक IPL टीम की बिक्री 16,600 करोड़ रुपये से अधिक में हुई थी।
धोनी की कुल अनुमानित संपत्ति करीब 1,200 करोड़ रुपये बताई जाती है।
आकाश चोपड़ा ने दावे पर उठाए सवाल
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और KKR के लिए खेल चुके आकाश चोपड़ा ने भी धोनी द्वारा 25 प्रतिशत हिस्सेदारी मांगने की खबर को अविश्वसनीय बताया। उन्होंने यहां तक कहा कि यह खबर “प्लांटेड स्टोरी” हो सकती है।
अपने YouTube चैनल पर बात करते हुए चोपड़ा ने कहा कि हाल ही में RCB की बिक्री के दौरान करीब 1.7 से 1.8 अरब डॉलर की वैल्यूएशन की चर्चा हुई थी। उनके मुताबिक CSK भी इसी स्तर की बड़ी फ्रेंचाइजी है।
चोपड़ा ने कहा, “CSK पांच ट्रॉफी जीत चुकी है और भारत के बाहर भी उसकी कई फ्रेंचाइजी हैं। उसके पास विरासत है और बहुत कुछ उसके पक्ष में है। CSK एक बहुत बड़ा ब्रांड है।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर CSK की वैल्यूएशन 1.8 अरब डॉलर मानी जाए और धोनी 25 प्रतिशत हिस्सेदारी मांग रहे हों, तो यह आंकड़ा व्यावहारिक नहीं लगता।
चोपड़ा के मुताबिक, “25 प्रतिशत हिस्सेदारी की कीमत करीब 400 मिलियन डॉलर होगी। कोई भी किसी को 400 मिलियन डॉलर नहीं देगा। बल्कि 25 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए आपको खुद करीब 400 मिलियन डॉलर निवेश करने होंगे। यह आंकड़ा अजीब है। कोई भी IPL टीम में किसी को 25 प्रतिशत हिस्सेदारी यूं ही नहीं देगा।”
धोनी CSK के सबसे बड़े चेहरों में से एक हैं और उनकी कप्तानी में टीम ने पांच IPL खिताब जीते हैं। हालांकि, फ्रेंचाइजी के ताजा बयान के बाद 25 प्रतिशत हिस्सेदारी मांगने की खबर पर फिलहाल सवाल खड़े हो गए हैं।
