दिल्ली में मामलों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं, बोले केजरीवाल

न्यूज़ डेस्क

नई दिल्ली: दिल्ली में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों की संख्या से भले ही लोगों में डर का माहौल है, लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने चिंता नहीं करने की अपील की है। आज एक बार फिर उन्होंने दिल्ली की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा है कि दिल्ली सरकार ने सारे इंतजाम कर लिए हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन मरीजों की चिकित्सा के बारे में चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। हमारी सरकार ने इस महामारी को देखते हुए पर्याप्त इंतजाम कर लिए हैं। अगर आपके परिवार का कोई सदस्य पॉजिटीव पाया जाता है, तो उन्हें आवश्यक चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी।“

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, अगर आपके घर में कोई बीमार होता है तो उसके लिए बेड, ऑक्सीजन और आईसीयू का इंतजाम किया गया है। आज हमारे पास 6731 बेड हैं, दिल्ली के अस्पतालों में लगभग 2600 मरीज हैं, करीब 4100 बेड खाली पड़े हैं।”

केजरीवाल ने कहा कि लोगों को जानकारी नहीं है कि कौन से अस्पताल में कितनी बेड खाली है और मरीजों को पहले कहाँ जाना चाहिए।  उन्होंने कहा कि इस समस्या को दूर करने के लिए दिल्ली सरकार ने दिल्ली कोरोना (Delhi Corona) ऐप जारी किया है। यह ऐप आपको दिल्ली के किस प्राइवेट या सरकारी अस्पताल में कितने बेड खाली हैं इसकी जानकारी देगा। यह ऐप दिन में दो बार सुबह 10 बजे और शाम को 6 बजे अपडेट होगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि, “मैं पहले से कहता आ रहा हूं कि हम हमेशा के लिए लॉकडाउन नहीं कर सकते। आज कोई ये नहीं कह सकता कि 1 या 2 महीने लॉकडाउन और कर लो तो कोरोना ठीक हो जाएगा। कोरोना रहेगा, और अगर कोरोना रहेगा तो इसका इलाज करने का इंतजाम करना होगा। हमारी सरकार इस समय कोरोना के मरीज़ों का इलाज करने के इंतजाम पर ध्यान दे रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *