‘द ट्रेटर्स 2’ का धमाकेदार आगाज़: श्वेता तिवारी, अभिषेक मल्हान सहित कई चर्चित नाम शो में शामिल

'The Traitors 2' off to an explosive start: Several famous names, including Shweta Tiwari and Abhishek Malhan, join the show.
(Pic: Instagram/Shweta Tiwari)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। शो का पहला प्रोमो जारी होने के बाद मेकर्स ने मुनव्वर फारुकी और मल्लिका शेरावत के कंटेस्टेंट होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। वहीं, अब शो से जुड़ी नई जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीवी की लोकप्रिय अभिनेत्री श्वेता तिवारी, मशहूर यूट्यूबर अभिषेक मल्हान (फुकरा इंसान) और स्टैंड-अप कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ (कुल्लू) भी करण जौहर के इस चर्चित रियलिटी शो का हिस्सा होंगे।

अमेरिकी रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ के भारतीय संस्करण ने पिछले साल अपनी शुरुआत के साथ ही दर्शकों के बीच खास पहचान बना ली थी। अब इसका दूसरा सीजन पहले से ज्यादा रोमांच, रणनीति और धोखे के खेल के साथ लौट रहा है। शो का प्रीमियर 13 अगस्त 2026 से प्राइम वीडियो पर होगा, जहां हर गुरुवार नया एपिसोड स्ट्रीम किया जाएगा।

श्वेता तिवारी फिर दिखाएंगी रियलिटी शो का दम

सूत्रों के अनुसार, टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री श्वेता तिवारी इस बार शो की मजबूत कंटेस्टेंट होंगी। श्वेता इससे पहले ‘बिग बॉस 4’ की विजेता रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘नच बलिए’ और ‘झलक दिखला जा’ जैसे कई चर्चित रियलिटी शोज में भी हिस्सा लिया है। ऐसे में उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें इस सीजन की मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

फुकरा इंसान और ‘कुल्लू’ भी होंगे मुकाबले में

यूट्यूब की दुनिया के चर्चित चेहरे अभिषेक मल्हान, जिन्हें फैंस ‘फुकरा इंसान’ के नाम से जानते हैं, भी इस शो में नजर आएंगे। अभिषेक ने ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ से रियलिटी शो की दुनिया में कदम रखा था और फर्स्ट रनर-अप रहे थे।

वहीं, मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ, जिन्हें ‘कुल्लू’ के नाम से जाना जाता है, भी इस सीजन में अपनी रणनीति और खेल से दर्शकों का मनोरंजन करते दिखाई देंगे। हाल ही में उन्होंने आमिर खान के बेटे जुनैद खान के साथ फिल्म ‘लवयापा’ से अभिनय की दुनिया में भी कदम रखा था।

‘द ट्रेटर्स 2’ की शूटिंग मार्च 2026 में राजस्थान के जैसलमेर स्थित भव्य सूर्यगढ़ पैलेस में हुई। होस्ट करण जौहर और सभी प्रतिभागियों ने लगभग दो सप्ताह तक यहां शो की शूटिंग की।

इन सितारों के भी शामिल होने की चर्चा

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीजन में कई चर्चित चेहरे भी नजर आएंगे। इनमें अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती, शालिनी पासी, वरिष्ठ अभिनेता दिलीप ताहिल, एल्विश यादव, रुबीना दिलैक, सौंदस मौफकीर, क्रिस्टल डिसूजा, पारुल गुलाटी, अभिनेता-निर्माता हरमन बावेजा और भारतीय क्रिकेटर शुभमन गिल की बहन शाहनील गिल भी शामिल हैं। सभी प्रतिभागी रणनीति, गठबंधन और धोखे के इस अनोखे खेल में खिताब जीतने के लिए आमने-सामने होंगे।

‘द ट्रेटर्स 2’ का निर्माण इस बार करण जौहर की कंपनी धर्माटिक एंटरटेनमेंट कर रही है, जिसने पहले सीजन के निर्माता बीबीसी स्टूडियोज़ की जगह ली है। निर्माताओं का कहना है कि पहले सीजन को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी, जिसने यह साबित कर दिया कि भारतीय दर्शक ऐसे रियलिटी शो पसंद करते हैं जो केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि उनकी रणनीतिक सोच और समझ की भी परीक्षा लें। दूसरे सीजन को पहले से अधिक बड़ा, बोल्ड और ड्रामैटिक बनाने की कोशिश की गई है, जबकि शो की सबसे बड़ी पहचान—मनोवैज्ञानिक खेल, अप्रत्याशित मोड़ और रोमांच—को बरकरार रखा गया है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि 21 चर्चित हस्तियों के बीच भरोसे, धोखे और रणनीति की इस जंग में आखिर कौन सबसे चतुर खिलाड़ी साबित होता है और ‘द ट्रेटर्स 2’ की ट्रॉफी अपने नाम करता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *