तलाक के 2 साल बाद जो जोनास ने की अभिनेत्री तातियाना गैब्रिएला के साथ संबंध की पुष्टि

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पॉप स्टार जो जोनस एक बार फिर अपनी प्रेम कहानी को लेकर सुर्खियों में हैं। सोफी टर्नर से अलग होने के लगभग दो साल बाद, जो ने मॉडल और अभिनेत्री टाटियाना गैब्रिएला के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह जोड़ी इन दिनों प्यूर्टो रिको में साथ समय बिता रही है और उनकी रोमांटिक तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। जो जोनस ने अपने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें दोनों काफी करीब और खुश दिखाई दे रहे हैं। खासतौर पर फोटो बूथ की एक तस्वीर ने प्रशंसकों का दिल जीत लिया है।
जो ने अपने पोस्ट के साथ मजेदार अंदाज़ में लिखा, “अगर आप यह देख रहे हैं, तो इसका मतलब है कि मेरा प्यूर्टो रिको वाला यूट्यूब वीडियो अब जारी हो चुका है।”
अपने यूट्यूब वीडियो में जो ने अपनी यात्रा की झलक भी दिखाई, जहां टाटियाना उन्हें स्पेनिश भाषा सिखाती नजर आईं। दोनों ने साथ में स्थानीय स्थानों की सैर की और एक सुंदर झरने का आनंद लिया। वीडियो में जो कहते हैं, “वह मेरी स्पेनिश में मदद कर रही हैं,” जिसके बाद दोनों झरने में मस्ती करते दिखाई देते हैं। दोनों के रिश्ते की चर्चा पिछले साल नवंबर से ही शुरू हो गई थी, लेकिन अब उन्होंने इसे आधिकारिक रूप दे दिया है।
गौरतलब है कि जो जोनस और सोफी टर्नर की शादी चार वर्षों तक चली थी और सितंबर 2023 में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया था। इस पूर्व दंपति की दो बेटियां हैं—विला और डेलफिन—और उन्होंने अपने निजी जीवन को लेकर गोपनीयता बनाए रखने की अपील की थी। अब, लगभग दो वर्षों बाद, जो जोनस के जीवन में एक नई प्रेम कहानी की शुरुआत हो चुकी है।
