उत्तर प्रदेश सरकार कुश्ती समेत दो खेलों को गोद लेगी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल राजधानी लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह में योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार कुश्ती सहित दो खेलों को गोद लेकर अगले 10 सालों तक उनका वित्तपोषण करेगी। योगी ने कहा कि इसमें एक खेल कुश्ती है और दूसरा खेल, खेलकूद विभाग द्वारा चयनित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ”उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के हर गांव में एक खेल मैदान के निर्माण पर तेजी से काम कर रही है। मेरठ में खेल विश्वविद्यालय का भी निर्माण हो रहा है। प्रदेश सरकार मेजर ध्यानचंद के नाम पर एक खेल विश्वविद्यालय स्थापित करेगी। राज्य सरकार लखनऊ में एक कुश्ती अकादमी की भी स्थापना करेगी।”

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकार खेल कॉलेज में खिलाड़ियों की आहार धनराशि भी बढ़ने जा रही है। पहले खिलाडियों को 250 रुपये दिया जाता था, अब सरकार इसे बढ़ाकर 375 रुपये प्रति दिन प्रति खिलाड़ी करने जा रही है।

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार ने ओलंपिक खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और विश्व कप व विश्व चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के विजेता खिलाड़ियों को राजपत्रित पदों पर सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति प्रदान करने और पुलिस में भी उपाधीक्षक का पद देने के लिए सहमति दे दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस भी खिलाड़ी ने पदक जीता है वह देश के लिए जीता है। इसीलिए सरकार ने तय किया है कि पदक जीतने वाले खिलाडियों को चाहे वो किसी राज्य के हों, उन्हें सरकार पुरस्कृत करेगी। हम लोग स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले देश के किसी भी खिलाड़ी को सम्मान स्वरूप दो करोड़ रुपए, रजत पदक विजेता को डेढ़ करोड़ रुपए और कांस्य पदक विजेता को एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान करेंगे और आज यह राशि यहां पर इन सभी खिलाड़ियों को प्रदान की गयी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *