शंघाई फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाएगी विक्रांत मैसी की ’12वीं फेल’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: विधु विनोद चोपड़ा की प्रेरणादायक ड्रामा ’12वीं फेल’, जिसमें विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका में हैं, रविवार 23 जून को शंघाई फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाएगी। पिछले साल अक्टूबर में सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों और आलोचकों दोनों से ही खूब सराहना मिली है।
आईपीएस अधिकारी मनोज शर्मा के जीवन पर आधारित ’12वीं फेल’ शंघाई फिल्म फेस्टिवल की समापन रात में एक विशेष स्क्रीनिंग का हिस्सा होगी। यह फेस्टिवल 14 जून को शुरू हुआ था।
शंघाई में स्क्रीनिंग में शामिल होने वाले विक्रांत मैसी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा की।
एक बयान के अनुसार, “शंघाई फिल्म फेस्टिवल में 12वीं फेल की स्क्रीनिंग और स्क्रीनिंग में विक्रांत मैसी की उपस्थिति फिल्म की निरंतर सफलता और दुनिया भर में इसके महत्वपूर्ण प्रभाव को दर्शाती है।”
विधु विनोद चोपड़ा निर्देशित इस फिल्म में विक्रांत मैसी ने मनोज कुमार शर्मा का किरदार निभाया था और फिल्म में अपने अभिनय के लिए खूब प्रशंसा बटोरी थी। ’12वीं फेल’ मनोज कुमार शर्मा के जीवन पर आधारित एक बायोग्राफिकल ड्रामा है, जिन्होंने गरीबी को मात देकर आईपीएस अधिकारी का पद हासिल किया। इसमें मेधा शंकर भी मुख्य भूमिका में हैं। ’12वीं फेल’ अब डिज्नी+ हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है।