भारत में बाढ़ पर यूनिसेफ की हैरान करने वाली रिपोर्ट, 24 लाख बच्चे हैं प्रभावित

अभिषेक मल्लिक

नई दिल्ली: भारत में कोरोना का क़हर तो जारी है ही, अब एक और प्राकृतिक आपदा से लोग जूझ रहे है वो है बाढ़। बरसात का मौसम आते ही भारत के विभिन्न राज्यों में बाढ़ का ख़तरा मंडराने लगता है। संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनिसेफ ने भारत में बाढ़ से प्रभावित बच्चों की संख्या बतायी है जो वाक़ई हैरान करने वाला है। यूनिसेफ ने कहा है कि भारत में बाढ़ से प्रभावित बच्चों की संख्या 24 लाख है। यूनिसेफ ने कहा है कि भारत को बाढ़ से हो रही परेशानी का सामना करने के लिए अत्यधिक संसाधन और नए तरीके अपनाने की ज़रूरत है।

यूनिसेफ ने कहा कि बाढ़ तो हर साल आती है, लेकिन अभी के महीने यानी जुलाई के मध्य में इतने बड़े स्तर पर बाढ़ आना समान्य बात नहीं है। यूनिसेफ के अनुसार, भारत के कई राज्यों में जैसे बिहार, असम, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, केरल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में बाढ़ से प्रभावित 60 लाख से अधिक लोग हैं जिनमें 24 लाख सिर्फ बच्चे हैं। हालांकि यूनिसेफ ने आगे कहा कि वह तुरंत और क्षेत्रों में बाढ़ के प्रकोप से उपजी परेशानी को कम करने के लिए सरकार और सहयोगियों के साथ काम कर रही है।

यूनिसेफ के अनुसार वह कोविड-19 राहत शिविर प्रबंधन के दिशा निर्देशों को लागू करवाने के लिए असम सरकार के साथ खड़ी है तथा सहायता भी कर रही है। यूनिसेफ ने कुछ देशों में बाढ़ से हो रही प्रभावित लोगों की संख्या लाखों में बताया। अभी कई सप्ताह तक तूफानी मानसूनी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन होने से बांग्लादेश, भारत और नेपाल के लोग प्रभावित हैं।

यूनिसेफ की क्षेत्रीय निदेशक जीन गफ ने दक्षिण एशिया के लिए कहा, कि यह क्षेत्र ऐसी तबाही से परिचित हैं लेकिन जुलाई के महीने में इस तरह की तबाही का अंदाजा भी शायद ही लगाया जा सकता है। फ़िलहाल भारत के साथ साथ कुछ और देश कोरोना के साथ साथ बाढ़ से भी जंग लड़ रहा है। ऐसे में अब सरकार की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *