नेहा कक्कड़ पर अभिजीत भट्टाचार्य का तंज, बोले- ‘1 करोड़ लेने की बातें करके मार्केट नहीं बनता’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड के वरिष्ठ गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने एक बार फिर सिंगर्स की बढ़ती फीस और शादियों में परफॉर्म करने के चलन पर अपनी राय रखी है। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए नेहा कक्कड़ पर भी निशाना साधा और कहा कि केवल बड़ी फीस की बातें करके कोई अपनी पहचान नहीं बना सकता।
यूट्यूब चैनल पर सुभोजित घोष के साथ बातचीत में अभिजीत भट्टाचार्य ने कहा कि उन्हें शादियों में गाने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्होंने खुद इस तरह के निजी आयोजनों से दूरी बनाए रखी है।
इंटरव्यू के दौरान एंकर ने 2024 के उस रियलिटी शो का जिक्र किया, जिसमें शादियों में गाने को लेकर अभिजीत भट्टाचार्य और नेहा कक्कड़ के बीच तीखी बहस हुई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिजीत ने कहा,
“आप नाम ले रहे हैं, लेकिन मैं किसी का नाम भी नहीं लूंगा। क्योंकि अगर मैं किसी को गाली भी दूं, तो उसकी पब्लिसिटी हो जाती है। इसलिए मैं ऐसा नहीं करूंगा। बहुत अच्छी सिंगर है, उसकी बहन भी बहुत अच्छी सिंगर है। लेकिन अब वह कहां है?”
अभिजीत ने आगे बिना नाम लिए कहा कि कलाकारों को अपनी फीस का प्रचार करने के बजाय अपने काम पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा, “कोई कहता है कि मैं 1 करोड़ लेती हूं। अब मैं कैसे कहूं कि मैं 5 करोड़, 10 करोड़ या 50 लाख लेता हूं? इस तरह की बातें करके मार्केट बनाया जाता है। जब वह नई थी, तब ठीक था, लेकिन बाद में चीजें बदल गईं। मार्केटिंग करो, लेकिन सही तरीके से करो।”
अभिजीत भट्टाचार्य ने यह भी बताया कि वह निजी शादियों में परफॉर्म क्यों नहीं करते।
उन्होंने कहा, “लोग शादियों में बहुत पैसा खर्च करते हैं और अक्सर उसी गायक को बुलाते हैं, जो सबसे ज्यादा फीस लेता है। लेकिन वे मुझे शादी में गाते हुए नहीं देख सकते। अगर किसी को मुझे सुनना है, तो उसे मेरे कॉन्सर्ट में आना होगा।”
गौरतलब है कि 2024 में एक रियलिटी शो के दौरान शादियों में कलाकारों के परफॉर्म करने के मुद्दे पर अभिजीत भट्टाचार्य और नेहा कक्कड़ के बीच मतभेद सामने आए थे। उस बहस के बाद दोनों के बयान सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहे थे। अब एक बार फिर अभिजीत ने इसी मुद्दे पर अपनी राय रखते हुए फीस और कलाकारों की मार्केटिंग को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
