बिहार विधानसभा में उठा सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या का मामला, सदस्यों ने की सीबीआई जांच की मांग

चिरौरी न्यूज़

पटना: आज बिहार विधानसभा में सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या की जांच सीबीआई से करने के लिए सुशांत सिंह के चचेरे भाई और विधायक नीरज सिंह बबलू और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मांग की। बीजेपी के विधायक नीरज सिंह बबलू ने कहा कि सुशांत की आत्महत्या की जांच सीबीआई जांच होनी चाहिए। वहीँ तेजस्वी यादव ने भी सीबीआई जांच की मांग की है। इन नेताओं के अलावा सुशान्त सिंह राजपूत की भाभी और एलजेपी की विधान परिषद की सदस्य नूतन सिंह ने भी सदन में कहा कि सुशांत सिंह राजपूत मामले में सही बात सामने आना चाहिये। इस मामले पर सर्वदलीय बैठक कर सीबीआई जांच की मांग करनी चाहिये।

सुशांत सिंह राजपूत का केस अब दो राज्यों की पुलिस के बीच विवाद का कारण बनता जा रहा है, कल मामले की जांच करने के लिए मुंबई पहुंचे पटना के एसपी विनय तिवारी को 14 दिनों के लिए क्वारंटीन कर दिया गया, जबकि इसी मामले की जांच करने गए बिहार पुलिस के ऑफिसरों को कुछ नहीं कहा गया। आखिर पटना सिटी एसपी विनय तिवारी को क्वारंटीन  क्यों किया गया? इस सवाल का जवाब मुंबई पुलिस कमिश्नर ने भी नहीं दिया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी इस मामले पर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि बिहार पुलिस जिम्मेदारी से काम कर रही है, ऐसे में एसपी को क्वारंटीन करना ठीक नहीं है।

मुंबई पुलिस कमिश्नर ने कहा जांच चल रही है

सुशांत सिंह राजपूत के मामले में जब मुंबई पुलिस की किरकिरी होने लगी तब आज मुंबई के पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह मीडिया के सामने आये और कहा कि मुंबई पुलिस इस मामले की विस्तृत तरीके से जांच कर रही है और अबतक उसने सुशांत के मामले में 56 लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
परमवीर सिंह ने कहा कि अभी तक मुंबई पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि, “ये केस बिहार से मुंबई ट्रांस्फर होना चाहिए था। बिहार पुलिस को इस मामले की जांच करने का अधिकार नहीं है। हालांकि हम बिहार पुलिस की जांच पर कानूनी सलाह ले रहे हैं।” उन्होंने कहा, ”हमारी जांच सही दिशा में चल रही है। सुशांत के परिवार ने किसी पर भी शक नहीं जताया है।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *