भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ ने की बैठक, सीमापर गोलीबारी नहीं करने पर हुए राजी
चिरौरी न्यूज़
नई दिल्ली: आज भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियानों के महानिदेशकों (डीजीएमओ) की मीटिंग में भारत और पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी नहीं करने पर राजी हो गए हैं। दोनों देशों के बीच 2003 का युद्धविराम समझौता अब सख्ती से लागू होगा। दोनों देशों के सैन्य अभियानों के महानिदेशकों (डीजीएमओ) ने हॉटलाइन संपर्क के स्थापित तंत्र के बारे में भी विचार-विमर्श किया और दोनों पक्षों ने नियंत्रण रेखा और अन्य सभी क्षेत्रों में एक खुले, स्पष्ट और सौहार्दपूर्ण वातावरण में स्थिति की समीक्षा की।
दोनों देशों की सीमाओं के साथ-साथ पारस्परिक रूप से लाभदायक और स्थायी शांति अर्जित करने के हित में दोनों डीजीएमओ एक-दूसरे के उन प्रमुख मुद्दों और चिंताओं के बारे में चर्चा करने पर सहमत हुए जिनमें शांति को भंग करने और हिंसा को बढ़ावा देने की प्रवृत्ति है। दोनों पक्षों ने सभी अनुबंधों और समझौतों का कड़ाई से पालन करने और 24/25 फरवरी 2021 की मध्यरात्रि से नियंत्रण रेखा और अन्य सभी क्षेत्रों में युद्धविराम का पालन करने पर सहमति व्यक्त की।
दोनों पक्षों ने यह दोहराया कि हार्डलाइन संपर्क के मौजूदा तंत्र और सीमा पर फ्लैग बैठकों का किसी अप्रत्याशित स्थिति या गलतफहमी का समाधान करने में उपयोग किया जाएगा।