दिल्ली में भारत का दबदबा, अफगानिस्तान पर 127 रन से जीत के साथ 3-0 से सीरीज क्लीन स्वीप

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली गई फ्रेंडशिप कप टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला एकतरफा रहा। भारत ने अफगानिस्तान को 127 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। अफगानिस्तान पहली बार भारत को अपनी घरेलू टी20 इंटरनेशनल सीरीज में मेजबानी कर रहा था और इसके लिए दिल्ली को चुना गया था।
अभिषेक शर्मा ने मचाई तबाही
भारत की जीत के हीरो रहे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा। उन्होंने महज 30 गेंदों में शतक जड़कर नया रिकॉर्ड बना दिया। अभिषेक ने 34 गेंदों पर 108 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 11 छक्के और 9 चौके शामिल रहे।
उनका यह शतक किसी टेस्ट खेलने वाले देश के बल्लेबाज का टी20इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक रहा। साथ ही अभिषेक टी20 इंटरनेशनल इतिहास में 40 से कम गेंदों में दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए। इससे पहले उन्होंने मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ 37 गेंदों में शतक लगाया था।
अभिषेक ने अपनी पारी के दौरान 90 प्रतिशत से ज्यादा रन बाउंड्री के जरिए बनाए। उन्होंने अरुण जेटली स्टेडियम में एक बार फिर अपनी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। अभिषेक के साथ संजू सैमसन ने भी तेज अर्धशतक लगाकर भारत के स्कोर को गति दी। दोनों ने मिलकर सिर्फ 69 गेंदों में 158रन जोड़ दिए। हालांकि भारत आखिरी पांच ओवरों में अपेक्षित तेजी नहीं दिखा सका और 15 ओवर के बाद 184/4 से आगे बढ़ते हुए 20 ओवर में 221 रन तक ही पहुंच पाया।
कप्तान श्रेयस अय्यर 20 गेंदों पर 27 रन ही बना सके। वहीं तिलक वर्मा को नंबर-3पर भेजने और ईशान किशन को नीचे उतारने का प्रयोग भी ज्यादा प्रभावी नहीं रहा।
अफगानिस्तान की पारी 94 रन पर सिमटी
222 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 14.1 ओवर में 94 रन पर ऑलआउट हो गई। नितीश कुमार रेड्डी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने एक ही ओवर में अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी और मुजीब उर रहमान को आउट कर अफगानिस्तान की रही-सही उम्मीद भी खत्म कर दी।
जसप्रीत बुमराह ने भी अपनी सटीक यॉर्कर से बल्लेबाजों को परेशान किया, जबकि अक्षर पटेल ने एक बार फिर अनुशासित गेंदबाजी की। अर्शदीप सिंह की जगह मौका पाने वाले युवा यश ठाकुर ने दो ओवर में 17 रन देकर एक विकेट लिया।
तीन मैचों की सीरीज में अभिषेक शर्मा ने कुल 229 रन बनाए। दिल्ली में उनकी 108 रन की पारी ने न सिर्फ भारत को बड़ी जीत दिलाई, बल्कि टी20 इंटरनेशनल में कई नए रिकॉर्ड भी कायम किए। भारत ने इस जीत के साथ सीरीज में अफगानिस्तान का 3-0 से क्लीन स्वीप किया और घरेलू मैदान पर अपना दबदबा कायम रखा।
