बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत; बंद मिले इमरजेंसी गेट, 63 घायल

Massive fire at a Bangkok pub; 27 dead, 63 injured; emergency exits found locked.
(Screengrab/X/Video)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक लोकप्रिय पब में लगी भीषण आग ने बड़े हादसे का रूप ले लिया। इस दर्दनाक घटना में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 अन्य घायल हो गए। घायलों में 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा पब धुएं से भर गया और अंदर मौजूद कई लोग बाहर नहीं निकल सके।

यह हादसा रोंग बीयर ना लाट फ्राओ (Rong Beer Na Lat Phrao) पब में आधी रात के करीब हुआ। आग लगने के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दमकल की कई गाड़ियों और राहत-बचाव टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुटिन चार्नवीराकुल ने घटनास्थल का दौरा किया और बताया कि अब तक 27 शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव दल जली हुई इमारत में अन्य लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।

एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग की शुरुआत मंच के पास छत पर लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट होने से हुई। कुछ ही पलों में आग ने पूरे पब को अपनी चपेट में ले लिया और जहरीला धुआं तेजी से फैल गया। दमकल अधिकारियों के अनुसार, कई लोगों की मौत आग से झुलसने के बजाय धुएं का दम घुटने से हुई।

दमकलकर्मी चाक्रित खोंगकोम ने बताया, “पूरे पब में धुआं फैल गया था। ज्यादातर लोग धुएं के कारण सांस नहीं ले पा रहे थे और बेहोश हो गए।”

बंद मिले इमरजेंसी गेट, बढ़ गई त्रासदी

अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की मौत की एक प्रमुख वजह इमरजेंसी निकास मार्गों का अवरुद्ध होना था। बैंकॉक के गवर्नर चैडचार्ट सिट्टीपुंट ने बताया कि रसोई के पास स्थित एक आपातकालीन निकास के सामने बीयर के क्रेट (बक्से) रखे हुए थे, जबकि दूसरे निकास मार्ग पर एक टेबल रखी थी, जिससे बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया। जब पब के मुख्य हिस्से में आग फैल गई तो लोग जान बचाने के लिए पीछे की ओर भागे, जहां रसोई, शौचालय और आपातकालीन निकास मौजूद थे। लेकिन रास्ता बंद होने के कारण कई लोग वहीं फंस गए।

राहतकर्मियों ने बताया कि पब के पीछे स्थित शौचालय के पास बड़ी संख्या में शव मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि लोग पीछे के निकास से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन घने धुएं और आग के कारण बाहर नहीं निकल सके। फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञ हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों और अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

यह हादसा हाल के वर्षों में थाईलैंड के सबसे भीषण नाइटलाइफ हादसों में से एक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *