टोक्यो ओलंपिक: अदिति अशोक गोल्फ में मेडल से चूकी

चिरौरी न्यूज़

नई दिल्ली: पिछले दो दिनों से शानदार प्रदर्शन कर रही भारतीय गोल्फर अदिति अशोक अंतिम राउंड में पिछड़ गयी और उनके साथ साथ देश का ओलंपिक गोल्फ में मैडल जीतने का सपना अधूरा रह गया। अदिति अशोक ने चौथे स्थान पर फिनिश किया है। अंतिम राउंड में उन्होंने एक शॉट ज्यादा लिया और मैडल जीतने से चूक गयी। हालांकि तेईस वर्ष की अदिति अशोक ओलंपिक में भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली गोल्फर बन गई हैं।

इससे पहले टोक्यो में बारिश के कारण मैच प्रभावित हुआ। बारिश के कारण मुकाबले को कुछ देर के लिए रोका गया है। मैच रोकने के समय अदिति अशोक तीसरे नंबर पर बनी हुई थीं और मेडल की रेस में शामिल थीं। इसके बाद मुकाबला दोबारा शुरू हुआ और चौथा राउंड खेला गया।अदिति अशोक अच्छी फॉर्म में नजर आईं और उनका प्रदर्शन अच्छा रहा। पहले तीन राउंड में अदिति की परफॉर्मेंस काफी बेहतर रही थी। चारों राउंड के बाद कुल स्कोर के आधार पर ही मेडल का फैसला हुआ और अदिति ने चौथे स्थान पर फिनिश किया।

अदिति भले पदक से चूक गईं, लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से हर किसी को प्रभावित कर दिया है। भले ही वह देश को मेडल नहीं दिला पाई, मगर भारतीय गोल्‍फ के इतिहास में अपना नाम जरूर दर्ज करवा लिया है।

अदिति के इस शानदार खेल की हर कोई तारीफ कर रहा है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, अच्छा खेलीं, अदिति अशोक! भारत की एक और बेटी ने पहचान बनाई! आज के ऐतिहासिक प्रदर्शन से आपने भारतीय गोल्फ को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। आपने बेहद शांत और शिष्टता के साथ खेला है। प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए बधाई। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपने टोक्यो ओलंपिक के दौरान जबरदस्त कौशल और संकल्प दिखाया है। पदक से दूर रह गईं, लेकिन आप किसी भी भारतीय से कहीं आगे निकल गई।

टोक्यो ओलंपिक के ऑफिसियल ट्विटर हैंडल ने भी अदिति के परफॉरमेंस को ट्विट कर के सराहा है। ट्विट में कहा है कि, अदिति 200 रैंकिंग की गोल्फर, जिसकी मम्मी कैडी हैं उनका प्रदर्शन बहुत ही सराहनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *