NEET मुद्दे पर संसद में चर्चा को तैयार सरकार: किरेन रिजिजू
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने संसद में NEET पेपर लीक मामले पर चर्चा कराने की सहमति जताई है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को लोकसभा में कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि चर्चा की तारीख और अवधि सभी राजनीतिक दलों से विचार-विमर्श के बाद तय की जाएगी।
हालांकि, सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध अभी भी बना हुआ है। विपक्ष नियम 193 के तहत चर्चा कराने के प्रस्ताव से सहमत नहीं है। नियम 193 के तहत अल्पकालिक चर्चा तो होती है, लेकिन उस पर मतदान का प्रावधान नहीं होता।
विपक्ष की मांग है कि NEET पेपर लीक विवाद और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई जैसे मुद्दों पर स्थगन प्रस्ताव (Adjournment Motion) के तहत चर्चा कराई जाए। इस प्रक्रिया में सदन का अन्य कामकाज रोककर केवल उसी विषय पर चर्चा होती है। विपक्ष ने इस संबंध में अपनी मांग लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष रख दी है।
संसद शुरू होने से पहले पीएम मोदी ने शरद पवार और सुप्रिया सुले से की मुलाकात
बुधवार को संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले से मुलाकात की।
यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब एक दिन पहले विपक्षी दलों ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में संसद परिसर में प्रदर्शन किया था। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार पर लगातार हमलावर है और संसद के भीतर भी इस पर चर्चा की मांग कर रहा है।
इसी बीच, NEET पेपर लीक मामले, छात्रों के आंदोलन और विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों को लेकर संसद में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव जारी रहने के आसार हैं।
